लखनऊ, 6 फरवरी 2026:
लखनऊ नगर निगम मुख्यालय में आज संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जहां मेयर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। इस दौरान नगर निगम परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।
अवध विहार कॉलोनी के लोगों का आक्रोश
सरोजनी नगर की अवध विहार कॉलोनी से आए लोगों ने नगर निगम और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि उनकी कॉलोनी में लंबे समय से पानी भरा हुआ है। कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। नाराज लोगों ने नगर निगम मुर्दाबाद, पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद, इंकलाब जिंदाबाद और भारत माता की जय के नारे लगाए।

बीस साल से सड़क नहीं, बदबू से परेशानी
अवध विहार कॉलोनी की रहने वाली सृष्टि ने बताया कि आसपास के इलाकों में पिछले चार सालों में विकास कार्य शुरू हो गए, लेकिन उनकी कॉलोनी में पिछले 20 साल से सड़क तक नहीं बनी। बरसात और जलभराव के कारण लगातार दुर्गंध फैल रही है। पार्षद से शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं होती, इसलिए मजबूर होकर लोग समाधान दिवस में पहुंचे हैं।
हाउस टैक्स की गड़बड़ी बनी परेशानी
समाधान दिवस में एक चौंकाने वाला मामला भी सामने आया। नगर निगम के पूर्व टैक्स अधीक्षक विनोद कुमार जायसवाल शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके पिता की मृत्यु 2001 में हो चुकी है, लेकिन आज भी पिता के नाम से हाउस टैक्स के बिल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने हाउस आईडी अपने नाम ट्रांसफर करवा ली थी, इसके बावजूद एक ही मकान के दो टैक्स बिल आ रहे हैं। पिछले पांच साल से नगर निगम के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं हो पाया।

गलत टैक्स और बढ़ा किराया भी मुद्दा
मौलवीगंज से कैंसर पीड़ित अनुराग शुक्ला अपनी पत्नी के साथ पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका मकान रेजिडेंशियल है, लेकिन उस पर कॉमर्शियल टैक्स लगा दिया गया है। उन्होंने इस टैक्स को माफ करने के लिए लिखित शिकायत दी। वहीं तालकटोरा रोड स्थित नगर निगम की दुकान को लेकर वीणा सेठी ने किराया बढ़ाए जाने की शिकायत की। उनका कहना है कि 40 रुपये का किराया बढ़ाकर 800 रुपये कर दिया गया है और पुराने वर्षों का किराया भी गलत तरीके से जोड़ा जा रहा है।
अधिकारियों ने दिया समाधान का भरोसा
लोगों के हंगामे और शिकायतों के बीच मेयर सुषमा खर्कवाल ने जोनल अधिकारी ओपी सिंह को टैक्स से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने भी भरोसा दिलाया कि जिन मामलों की शिकायतें आई हैं, उनका समाधान आज ही कराया जाएगा।






