Lucknow City

एलयू में ‘छत्रपति शिवाजी कर्मयोगी सम्मान समारोह…युवाओं को साहस व राष्ट्रभावना का संदेश

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले- शिवाजी का जीवन नेतृत्व और कर्तव्य का जीवंत उदाहरण

लखनऊ, 20 फरवरी 2026:

लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में आयोजित छत्रपति शिवाजी कर्मयोगी सम्मान समारोह में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राएं, शिक्षाविद और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे। समारोह का मकसद युवाओं को छत्रपति शिवाजी के जीवन, साहस और राष्ट्रभक्ति से जोड़ना रहा।

उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी का जीवन केवल इतिहास का हिस्सा नहीं बल्कि आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने बताया कि विपरीत परिस्थितियों में भी शिवाजी ने संगठन, नेतृत्व और दूरदर्शिता के बल पर नई मिसाल कायम की, जिससे युवाओं को संघर्ष और जिम्मेदारी का संदेश मिलता है।

कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने कहा कि शिवाजी का व्यक्तित्व राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और सुशासन का प्रतीक रहा है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में इतिहास के प्रति समझ बढ़ती है और समाज के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, यूपी योगा एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी और पूर्व कुलपति प्रो. एस. वी. निमसे मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को सम्मानित भी किया गया और छत्रपति शिवाजी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button