योगेंद्र मलिक
देहरादून, 12 फरवरी 2026:
सचिवालय में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति की बैठक में कई अहम विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई। अलग-अलग विभागों से आए प्रस्तावों पर चर्चा के बाद करीब 200 करोड़ रुपये से ज्यादा के कामों को वित्तीय स्वीकृति दी गई। बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी विभाग अपने-अपने काम की तय समय सीमा बनाएं और निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे कराएं। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
चम्पावत रोडवेज स्टेशन बनेगा सिटी सेंटर
जनपद चम्पावत में रोडवेज स्टेशन परिसर में आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लैक्स के निर्माण को 64.94 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। इस प्रोजेक्ट का नाम सिटी सेंटर चम्पावत रखा जाएगा। योजना में यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं, स्थानीय उत्पादों की बिक्री की व्यवस्था और बसों के साथ टैक्सी पार्किंग की सुविधा भी शामिल होगी। मकसद यह है कि एक ही जगह पर सफर, खरीदारी और पार्किंग की सहूलियत मिल सके।

टिहरी माल रोड पर फसाड और स्ट्रीट लाइट का काम
टिहरी गढ़वाल के टिहरी मुख्यालय स्थित माल रोड के सौंदर्यीकरण के लिए 11.25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें फसाड कार्य, रेलिंग, पैदल पथ, स्ट्रीट लाइट और शौचालय निर्माण जैसे काम होंगे। उम्मीद जताई गई कि इन कार्यों से शहर की सूरत बदलेगी और पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी।
छात्रों को मुफ्त नोटबुक के लिए 52.84 करोड़
शैक्षिक सत्र 2025-26 में राज्य के राजकीय और सहायता प्राप्त स्कूलों में कक्षा 1 से 12 तक पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राओं को मुफ्त नोटबुक देने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग को 52.84 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इससे लाखों परिवारों को सीधा फायदा मिलेगा।
ऊधम सिंह नगर और चम्पावत में सड़कें होंगी मजबूत
लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में किमतोली से रौशाल मोटर मार्ग पर हॉट मिक्स कार्य के लिए 12.15 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। ऊधम सिंह नगर के किच्छा क्षेत्र में एनएच 109 पर मेडिकल कॉलेज से अटरिया माता मंदिर मोड़, सिडकुल और आनंदपुर होते हुए एसएच 044 तक 5 से 12.255 किमी तक सड़क के पुनर्निर्माण के लिए 23.12 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसी क्षेत्र में शिमला पिस्तौर कुरैया मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और सुधार के लिए 20.17 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को मिलेगी रफ्तार
कुंभ मेला 2027 को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार में कई अहम कामों को मंजूरी मिली है। खड़खड़ी श्मशान घाट जाने वाले मार्ग पर सूखी नदी के कॉजवे की जगह डबल लेन पुल बनाने के लिए 13.22 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मायापुर स्क्रैप चैनल पर दक्षद्वीप और बैरागी कैंप को जोड़ने वाले पहले से बने पुल के डाउनस्ट्रीम में 60 मीटर स्पान स्टील गर्डर डबल लेन पुल के निर्माण के लिए 12.46 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। बैठक में विभिन्न विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






