योगेंद्र मलिक
देहरादून, 6 फरवरी 2026:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेशविला रोड स्थित सेंट एंग्नेस स्कूल में प्रधानमंत्री के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा पर चर्चा अब सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि देशभर के छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को जोड़ने वाली एक राष्ट्रीय मुहिम बन चुका है। यह मंच बच्चों को यह समझाता है कि परीक्षा जिंदगी का एक पड़ाव है, पूरी जिंदगी नहीं।
मुख्यमंत्री ने छात्रों से संवाद करते हुए अपने स्कूली दिनों को याद किया और कहा कि स्कूल का वक्त बेहद कीमती होता है, जो दोबारा नहीं लौटता। इसलिए पढ़ाई के साथ खेलकूद और दूसरी गतिविधियों में भी दिलचस्पी बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि परीक्षा एक मौका है, जिसमें छात्र आत्मविश्वास, सब्र और सुकून के साथ अपना बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। केवल परीक्षा पास करना ही काबिलियत का पैमाना नहीं है, जिंदगी में आगे बढ़ने के और भी कई रास्ते होते हैं।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने लक्ष्य तय करें, सही प्राथमिकताओं के साथ आगे बढ़ें और परीक्षा के दबाव से खुद को दूर रखें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चों पर जरूरत से ज्यादा दबाव न बनाएं और उनकी तुलना दूसरों से न करें।
सीएम ने कहा परीक्षा पर चर्चा 2026 के तहत इस बार देशभर से चार करोड़ से ज्यादा छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों ने पंजीकरण किया है, जिससे पिछला गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटने जा रहा है। उत्तराखंड से करीब सात लाख छात्र, 53 हजार से अधिक शिक्षक और 14 हजार से ज्यादा अभिभावक इस अभियान से जुड़े हैं। पिछले साल राज्य से करीब 2 लाख 98 हजार छात्रों ने इसमें हिस्सा लिया था।
राज्य के छात्रों द्वारा तैयार किए गए 10 प्रेरक वीडियो में से एक वीडियो राष्ट्रीय स्तर पर चुना गया है। यह वीडियो राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाला कुराली, विकासखंड जखोली, जनपद रुद्रप्रयाग के छात्र रोहन सिंह राणा ने बनाया है। रोहन सिंह राणा को इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में दिल्ली आमंत्रित किया गया है, जिसे पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात बताया गया। कार्यक्रम में महानिदेशक शिक्षा दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा मुकुल कुमार सती, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।






