Uttarakhand

हनुमान धाम में CM धामी ने टेका माथा, उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का दोहराया संकल्प

रामनगर के छोई स्थित धाम में पूजा-अर्चना के दौरान बोले मुख्यमंत्री-बजरंगबली की कृपा से ही मिला दर्शन का अवसर, धार्मिक पर्यटन और विकास कार्यों पर दिया जोर

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 2 अप्रैल 2026:

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रामनगर के छोई स्थित हनुमान धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि बजरंगबली की विशेष कृपा के बिना कोई भी उनके दरबार तक नहीं पहुंच सकता।

मुख्यमंत्री ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि कई बार प्रयास करने के बावजूद वे पहले यहां नहीं आ सके लेकिन इस बार अचानक कार्यक्रम बनना स्वयं हनुमान जी की कृपा का परिणाम है। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना करते हुए सभी पर ईश्वर की कृपा बनाए रखने की कामना की।

अपने संबोधन में धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का विकास देश की आस्था को नई ऊंचाइयों तक ले गया है। साथ ही केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में भी व्यापक विकास कार्यों से उत्तराखंड की पहचान और मजबूत हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है। इसकी आस्था व सांस्कृतिक विरासत की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से राज्य में सख्त कानून लागू किए जा रहे हैं। धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन चुका है। यह पूरे देश के लिए उदाहरण है।

धामी ने बताया कि राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केदारखंड और मानसखंड सहित विभिन्न स्थलों पर सौंदर्यीकरण और आधारभूत संरचना के कार्य तेजी से चल रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप हर साल श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है।

उन्होंने आगामी 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। वहीं शीतकालीन यात्रा के दौरान अब तक करीब 1.6 लाख श्रद्धालु विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग और आशीर्वाद से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प अवश्य पूरा होगा।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button