Uttarakhand

पंतनगर में 119वें अखिल भारतीय किसान मेला का शुभारंभ… धामी ने किया किसानों का सम्मान

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 350 से ज्यादा स्टॉल लगे, नई खेती तकनीकों की मिल रही जानकारी

योगेंद्र मलिक

उधमसिंह नगर, 14 मार्च 2026:

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर में शनिवार को 119वें अखिल भारतीय किसान मेला और कृषि उद्योग प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस मौके पर प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया और विश्वविद्यालय से जुड़ा साहित्य भी जारी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे मेले किसानों के लिए बेहद काम के होते हैं। यहां नई तकनीक, आधुनिक खेती और वैज्ञानिकों से सीधे बातचीत का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि किसान देश के असली नायक हैं और उनकी मेहनत से ही गांव और देश की तरक्की होती है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के 10 करोड़ से ज्यादा किसानों को लाभ मिल रहा है। प्रदेश में भी 9 लाख से अधिक किसान इस योजना से जुड़े हैं। हाल ही में योजना की 22वीं किस्त जारी की गई है।

CM Dhami Inaugurates 119th All India Farmer's Fair (1)

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की मदद के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए घेराबाड़ योजना के तहत पहली किस्त के रूप में 25 करोड़ रुपये मिले हैं। किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा भी 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है। राज्य सरकार किसानों को 3 लाख रुपये तक का कर्ज बिना ब्याज के दे रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए पॉलीहाउस लगाने की योजना पर भी काम चल रहा है। इसके लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है और अब तक 115 करोड़ की लागत से 350 पॉलीहाउस लगाए जा चुके हैं। राज्य में 1200 करोड़ रुपये की नई सेब नीति लागू की गई है और कई योजनाओं में किसानों को 80 प्रतिशत तक मदद दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 7 एरोमा वैली विकसित की जा रही हैं। ड्रेगन फ्रूट, मशरूम और शहद उत्पादन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य में फल उत्पादन में करीब ढाई प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। मशरूम उत्पादन 27 हजार मीट्रिक टन तक पहुंच गया है और इस मामले में प्रदेश देश में पांचवें स्थान पर है। शहद उत्पादन करीब 3300 मीट्रिक टन है और राज्य इस क्षेत्र में आठवें स्थान पर पहुंच चुका है।

कार्यक्रम में कुलपति डॉ मनमोहन सिंह चौहान ने बताया कि किसान मेले में 350 से ज्यादा स्टॉल लगाए गए हैं और हर दिन करीब 20 हजार लोग मेले में पहुंच रहे हैं। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक तिलक राज बेहड, मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति समेत कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button