राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 13 अप्रैल 2026:
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजधानी देहरादून के बल्लूपुर चौक में नगर निगम की ओर से आयोजित स्वेच्छा से स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लेकर स्वच्छता के प्रति जन जागरुकता का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई अभियान में सहभागिता निभाई और लोगों को स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
नगर निगम देहरादून द्वारा आयोजित स्वच्छता सप्ताह के अंतिम दिन शहर के विभिन्न वार्डों में व्यापक स्तर पर सफाई, कूड़ा निस्तारण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में बल्लूपुर चौक पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जब तक हर नागरिक स्वेच्छा से स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाएगा तब तक स्थायी बदलाव संभव नहीं हो सकता। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हमें अपने घर, मोहल्ले और शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी खुद उठानी होगी।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम देहरादून के इस जनसहभागिता आधारित अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि स्वच्छता जागरुकता से जुड़े कार्यक्रमों को नियमित रूप से चलाया जाना चाहिए। इससे लोगों में साफ-सफाई की आदत स्थायी रूप से विकसित होगी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, संगठन महामंत्री अजेय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






