Uttarakhand

सीएम हेल्पलाइन बनी सहारा…चार दिन में मंजूर हुई वृद्धावस्था पेंशन, छलक पड़ीं उर्मिला की आंखें

डीएम ने लिया संज्ञान, अफसरों को शिकायतकर्ता के घर भेजा, औपचारिकताएं पूरी कराईं, जल्द मिलने लगेगी पेंशन

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 27 जनवरी 2026:

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज कराई गई शिकायतों का निस्तारण आमजन के लिए, खासकर बुजुर्गों राहत भरा कदम साबित हो रहा है। देहरादून के देहरा खास निवासी एक व्यक्ति ने वृद्धावस्था पेंशन का लाभ न मिलने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी। इसका संज्ञान लेकर डीएम ने एक्शन लिया और उर्मिला की पेंशन मंजूर हो गई।

देहरा खास मव रहने वाले वरिष्ठ नागरिक आर्य सुमन ने अपनी धर्मपत्नी उर्मिला सुमन को पेंशन दिलाने की फरियाद सीएम हेल्पलाइन पर की थी। शिकायत दर्ज होते ही जिला प्रशासन ने मामले पर त्वरित कार्रवाई की। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने तुरंत संज्ञान लिया और शिकायत का निस्तारण किया। विभागीय अधिकारियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए वृद्ध महिला के घर पहुंचकर सभी जरूरी दस्तावेज तैयार कराए।

उर्मिला सुमन ने बताया कि अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच के साथ ही अपणी सरकार पोर्टल के माध्यम से आय प्रमाण पत्र भी घर बैठे बनवाया। इसके बाद सभी औपचारिकताएं पूरी कर वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। उन्होंने भावुक होकर कहा कि शिकायत दर्ज कराने के मात्र चार दिनों के भीतर उनकी वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत हो गई है और जल्द ही उन्हें पेंशन राशि मिलनी शुरू हो जाएगी। इस त्वरित कार्रवाई से बुजुर्ग दंपती के चेहरे पर संतोष और राहत साफ नजर आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button