नोयडा, 23 मार्च 2026:
यूपी के नोयडा में जेवर स्थिति इंटरनेशनल एयरपोर्ट के 28 मार्च को प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने एयरपोर्ट परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी के संभावित भ्रमण मार्ग, पैसेंजर टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल, रैली स्थल, पार्किंग, हेलीपैड और विभिन्न मार्गों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से हर व्यवस्था की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।

इसके बाद एयरपोर्ट परिसर स्थित सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की। इसमें कार्यक्रम की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग और संचालन योजना पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन, जनप्रतिनिधि, विशिष्ट अतिथि और मीडिया की उपस्थिति को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और प्रभावी होनी चाहिए।
सीएम योगी ने कार्यक्रम को भव्य और विश्वस्तरीय स्वरूप देने के लिए व्यापक ब्रांडिंग और प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने मार्गों की सुगमता, साफ-सफाई, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, यातायात प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा और चिकित्सा सेवाओं को समय से पहले सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बाहरी जनपदों से आने वाले लोगों के लिए पार्किंग स्थलों पर मोबाइल शौचालय, हेल्प डेस्क और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रशासन और पुलिस द्वारा पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजना प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के लिए चार स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन, पुलिस और वालंटियर्स की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाएं।






