लखनऊ, 8 दिसंबर 2025:
यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याएं विस्तार से सुनीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से प्रार्थना पत्र लेकर उनकी व्यथा जानने के बाद आश्वासन दिया कि हर शिकायत का निस्तारण पूरी ईमानदारी के साथ कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता को न्याय के लिए राजधानी तक न आना पड़े। समस्याओं का समाधान जिलों में ही होना चाहिए। उन्होंने पुलिस आयुक्त, एडीजी, एसएसपी और एसपी को व्यक्तिगत रूप से हर शिकायत की निगरानी का आदेश देते हुए चेताया कि किसी भी मामले में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने को कहा। जनता दर्शन में 50 से अधिक लोग जमीन विवाद, राजस्व विवाद और पुलिस संबंधी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने हर पीड़ित की बात धैर्यपूर्वक सुनी और संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में कुछ फरियादियों ने आर्थिक सहायता की भी मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार जरूरतमंदों की हर सम्भव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इलाज और आपात स्थितियों में सरकार निरंतर सहायता प्रदान कर रही है।
बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों से मुख्यमंत्री ने उपचार संबंधी खर्च का एस्टीमेट उपलब्ध कराने को कहा जिससे उन्हें मदद तुरंत मिल सके। जनता दर्शन में एक बार फिर जनता की आवाज सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंची और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए गए।






