हरेन्द्र धर दुबे
गोरखपुर, 6 अप्रैल 2026:
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की नवगठित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी सहित पूरी टीम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष धनेश, महामंत्री पंकज श्रीवास्तव, संयुक्त मंत्री महेंद्र गौड़, पुस्तकालय मंत्री संजय कुमार तथा सदस्य अजित सिंह, मनोज मिश्र, रजनीश त्रिपाठी आदि शपथ ग्रहण करने वालों में शामिल रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए उसकी अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने के साथ जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचाने का काम भी करती है।

सीएम योगी ने भारतीय पत्रकारिता के इतिहास का जिक्र करते हुए वर्ष 1826 में कलकत्ता से प्रकाशित हिंदी के पहले समाचार पत्र ‘उदंत मार्तंड’ को याद किया। उन्होंने कहा कि गुलामी के दौर से शुरू हुई पत्रकारिता की यह यात्रा आज लगभग 200 वर्षों की हो चुकी है। लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी पत्रकारों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की और अपेक्षा जताई कि पत्रकारिता भविष्य में भी निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ समाज का मार्गदर्शन करती रहेगी। समारोह में पत्रकार, मीडिया प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।






