Uttar Pradesh

CM योगी ने बताया… लक्ष्मीपुर था लखीमपुर खीरी का वास्तविक नाम, गिनाई नई पहचान

माफिया मुक्त यूपी का किया दावा, मेडिकल कॉलेज, प्लास्टिक पार्क, एयर कनेक्टिविटी और रोजगार योजनाओं पर फोकस

लखीमपुर खीरी, 11 अप्रैल 2026:

यूपी के लखीमपुर खीरी जनपद के चंदन चौकी (पलिया) में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विकास और जनकल्याण की कई बड़ी सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी का वास्तविक नाम ‘लक्ष्मीपुर’ था। अब यह जिला नई पहचान के साथ विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले हर जनपद में माफिया और गुंडों का बोलबाला था लेकिन अब उत्तर प्रदेश दंगा, माफिया और कर्फ्यू से मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ नहीं बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ की नीति पर काम हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने लखीमपुर खीरी की नई पहचान गिनाते हुए दुधवा नेशनल पार्क, पलिया एयरपोर्ट, चंदन चौकी, गोला गोकर्णनाथ और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि गोला गोकर्णनाथ जिसे ‘छोटी काशी’ कहा जाता है, वहां भव्य कॉरिडोर का निर्माण जारी है। साथ ही देश का पहला पीएलए प्लांट भी इसी क्षेत्र में स्थापित किया जा रहा है और प्लास्टिक पार्क की योजना भी प्रस्तावित है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।

सीएम ने कहा कि शारदा नदी की ड्रेजिंग से जहां भूमि का संरक्षण हुआ है, वहीं बाढ़ की समस्या से भी राहत मिली है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए ‘एक जिला, एक व्यंजन’ को वैश्विक पहचान दिलाने की बात कही और फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की संभावनाएं भी बताईं।

उन्होंने कहा कि सरकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, महर्षि वाल्मीकि और संत रविदास की मूर्तियों पर छत्र और बाउंड्रीवाल का निर्माण भी कराएगी। पीएम स्वामित्व योजना के तहत गांवों में घरौनी के जरिए लोगों को संपत्ति का अधिकार मिल रहा है, जिससे गरीबों को बड़ी राहत मिली है।

कार्यक्रम में लगभग 35 हजार लोगों को सम्मान, आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन से जोड़ते हुए सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार हर घर, हर खेत और हर युवा तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button