Uttar Pradesh

CM योगी का बड़ा तोहफा : आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को आयुष्मान सुरक्षा कवच, 3 लाख से अधिक परिवारों को लाभ

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने 5 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रदान किए आयुष्मान कार्ड, योजना की उपयोगिता और सरकार की प्रतिबद्धता को किया रेखांकित

लखनऊ, 9 मार्च 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा तोहफा दिया। मुख्यमंत्री ने लखनऊ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान कर योजना की उपयोगिता और सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

प्रदेश में अब तक 3 लाख 684 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं सहित उनके परिवारजनों को आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ दिया जा चुका है। सरकार का लक्ष्य सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को इस योजना के अंतर्गत प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने लखनऊ की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों गुड़िया सिंह, प्रियंका सिंह, सुधा अवस्थी, उमा सिंह और लालावती को आयुष्मान कार्ड सौंपे। इस पहल के माध्यम से प्रदेश सरकार ने इन कार्यकत्रियों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मजबूत आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

आंगनबाड़ी कार्यकत्री गुड़िया सिंह ने कहा कि आयुष्मान कार्ड मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने इसे सरकार की ओर से मिला बड़ा उपहार बताया। उनका कहना था कि इस योजना से उनके परिवार को पांच लाख रुपये तक के इलाज की सुरक्षा मिल गई है। यह उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

वहीं प्रियंका सिंह ने भी मुख्यमंत्री योगी का आभार जताते हुए कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी की स्थिति में इलाज का खर्च उठाना मुश्किल होता है लेकिन अब आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाली सहायता से बड़ी राहत मिली है।

सरकार के अनुसार अब तक प्रदेश की लगभग 75 प्रतिशत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए जा चुके हैं। इस योजना के तहत लाभार्थी और उनके परिवारजन सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज प्राप्त कर सकते हैं।

इस कार्यक्रम के माध्यम से सरकार ने यह संदेश भी दिया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां केवल पोषण और बाल विकास की जिम्मेदारी नहीं निभा रहीं बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत कड़ी भी हैं। उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित कर सरकार ने महिला सशक्तीकरण के अपने संकल्प को और मजबूत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button