सीतापुर, 13 जनवरी 2026:
सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स, लाइक और कमेंट बढ़ाने के चक्कर में अब जालसाज अफसरों के नाम तक का गलत इस्तेमाल करने लगे हैं। सीतापुर के जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ठगी का खेल खेला जा रहा है।
बता दें कि सीतापुर जिलाधिकारी जन समस्याओं को लेकर काफी एक्टिव रहते हैं। उनकी पोस्ट पर बड़ी संख्या में लोग लाइक और कमेंट करते हैं। इसी लोकप्रियता का फायदा उठाकर जालसाजों ने उनके नाम से नकली आईडी बना ली।
बताया जा रहा है कि जालसाज फर्जी अकाउंट को मोनिटाइज कराकर लाइक, कमेंट और फॉलोअर्स के जरिए पैसा कमा रहे हैं। कई लोग धोखे में आकर उस आईडी को असली समझकर फॉलो कर रहे हैं।
मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने अपनी असली फेसबुक आईडी से एडवाइजरी जारी की है।
एडवाइजरी में साफ किया गया है कि उनकी असली आईडी पर प्रोफाइल फोटो में चक्रतीर्थ की तस्वीर लगी है। बाकी सभी आईडी फर्जी हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध अकाउंट से दूरी बनाए रखें और ऐसे अकाउंट की रिपोर्ट करें।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अफसर या संस्था के नाम से बनी आईडी को फॉलो करने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांच लें। गलत जानकारी फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।






