Uttarakhand

देहरादून में दिनदहाड़े मर्डर : तिब्बती मार्केट में व्यवसायी को फिल्मी अंदाज में कर दिया शूट

स्कूटी सवार हमलावरों ने सीने में मारी गोली, बसंत विहार निवासी अर्जुन शर्मा की जीएमएस रोड पर है गैस एजेंसी, हत्या के पीछे करोड़ों रुपये के प्रॉपर्टी विवाद की जताई जा रही आशंका

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 11 फरवरी 2026:

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह अपराधियों ने बेखौफ होकर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। तिब्बती मार्केट और परेड ग्राउंड जैसे अतिव्यस्त इलाके में दिनदहाड़े एक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से शहर में दहशत फैल गई है।

मृतक की पहचान बसंत विहार, आईटीबीपी क्षेत्र निवासी अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है। वे जीएमएस रोड पर गैस एजेंसी का संचालन करते थे। रोजाना की तरह सुबह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 10:30 बजे टेनिस खेलकर बाहर निकलने के बाद अर्जुन शर्मा तिब्बती मार्केट के सामने एक ठेली से पाइन एप्पल खरीदकर कार में बैठ रहे थे। इसी दौरान दो स्कूटी सवार युवक अचानक वहां पहुंचे और बेहद करीब से उनके सीने में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

गोली लगते ही अर्जुन शर्मा मौके पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उन्हें दून मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और कुछ देर के लिए बाजार में सन्नाटा छा गया।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे करोड़ों रुपये के प्रॉपर्टी विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अर्जुन शर्मा को पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शहर के प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

गौरतलब है कि पिछले 14 दिनों में देहरादून में यह चौथी हत्या है। व्यस्त बाजार में इस तरह की बेखौफ वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों में डर का माहौल है जबकि पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button