Uttarakhand

देहरादून : पॉश इलाके में फिर गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट…जिम से निकले प्रॉपर्टी डीलर की हत्या

राजपुर रोड स्थित मॉल से निकलते समय हुआ हमला, परिवारिक विवाद, मुकदमेबाजी व अन्य एंगल पर पुलिस कर रही जांच, तीन दिन पूर्व हुई थी कारोबारी अर्जुन शर्मा की हत्या

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 13 फरवरी 2026:

राजधानी देहरादून एक बार फिर गोलीबारी से दहल गई। राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के बाहर शुक्रवार सुबह जिम से निकल रहे प्रॉपर्टी डीलर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे विक्रम शर्मा जिम से वर्कआउट कर बाहर निकले थे। तभी अचानक गोलियों की आवाज गूंजी। बताया जा रहा है कि हमलावर ने बेहद नजदीक से, कनपटी पर सटाकर गोली मारी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

WhatsApp Image 2026-02-13 at 12.42.37 PM

घटना के वक्त मॉल में आम दिनों की तरह आवाजाही थी। अचानक फायरिंग होते ही लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर तक इलाके में दहशत का माहौल रहा। हमलावर एक से ज्यादा थे या नहीं, इस पर अभी स्थिति साफ नहीं है।

विक्रम शर्मा सहस्रधारा रोड स्थित ग्रीन व्यू कॉलोनी के रहने वाले थे। वे प्रॉपर्टी डीलिंग के साथ-साथ खनन कारोबार से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस पुरानी रंजिश, कारोबारी विवाद और पारिवारिक मामलों समेत हर पहलू की जांच कर रही है।
बताया ये भी जा रहा है कि विक्रम शर्मा पर कई मुकदमे दर्ज थे। झारखंड के एक गैंग से कनेक्शन होने की आशंका भी जताई जा रही है।

WhatsApp Image 2026-02-13 at 12.50.10 PM

सूचना मिलते ही आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप और एसएसपी अजय सिंह मौके पर पहुंचे। मॉल परिसर को घेरकर फॉरेंसिक टीम बुलाई गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके।

WhatsApp Image 2026-02-13 at 12.42.38 PM

तीन दिन पहले तिब्बती मार्केट में अर्जुन शर्मा की हत्या हुई थी, जिसमें सुपारी किलर गिरफ्तार कर जेल भेजे गए है। ऐसे में इस घटना को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पॉश इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button