Uttarakhand

धामी ने बजट को सराहा, कहा…विकास का स्पष्ट रोडमैप लेकर आया केंद्रीय बजट

बजट पर सीएम ने दी प्रतिक्रिया, कहा- बजट में पर्वतीय राज्यों की जरूरतों को खास तवज्जो दी गई

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 1 फरवरी 2026:

केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026-27 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को मजबूती देने वाला बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आर्थिक आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने की ठोस रूपरेखा पेश करता है। बजट में आज की जरूरतों के साथ आने वाले वर्षों की चुनौतियों को भी ध्यान में रखा गया है।

ग्रामीण व पहाड़ी इलाकों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट के केंद्र में किसान, युवा, महिलाएं और वंचित वर्ग हैं। स्वरोजगार, स्टार्टअप और एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा देकर आम लोगों को आगे बढ़ने के मौके दिए गए हैं। इससे ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी और लोगों को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे। बजट में रक्षा, कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यटन और नवाचार जैसे क्षेत्रों पर खास ध्यान दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रावधानों से न केवल देश की आर्थिक रफ्तार तेज होगी, बल्कि सामाजिक संतुलन और समावेशी विकास को भी मजबूती मिलेगी।

उत्तराखंड में ट्रेकिंग ट्रेल्स को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री धामी ने बजट में उत्तराखंड सहित पर्वतीय राज्यों के लिए ट्रेकिंग ट्रेल्स के विकास की घोषणा को अहम बताया। उन्होंने कहा कि इससे पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटन को नया आयाम मिलेगा, स्थानीय युवाओं को रोजगार के मौके मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सहारा मिलेगा। उन्होंने कहा कि बजट में पर्वतीय राज्यों की जरूरतों को खास तवज्जो दी गई है।

67 हजार करोड़ के प्रावधान से विकास को मिलेगी रफ्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में करीब 67 हजार करोड़ रुपये के विशेष प्रावधान किए गए हैं। ये प्रावधान विकास की रफ्तार को तेज करने में अहम भूमिका निभाएंगे। लोकल उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की सोच इस बजट में साफ दिखाई देती है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में युवाओं की उम्मीदों और रोजगार की जरूरतों को गंभीरता से लिया गया है। शिक्षा, कौशल विकास, तकनीक और नवाचार में निवेश से युवाओं को नए अवसर मिलेंगे। साथ ही स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा।

सभी के लिए विकास के रास्ते खुले

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह बजट किसी एक राज्य या क्षेत्र तक सीमित नहीं है। पहाड़ी राज्य हों या मैदानी इलाके, कृषि क्षेत्र हों या औद्योगिक क्षेत्र, सभी के लिए विकास के रास्ते खोले गए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार के ये फैसले देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने में अहम साबित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है और आने वाले वर्षों में इसका असर हर क्षेत्र में साफ दिखाई देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button