Barabanki City

महिला क्लस्टर संगठन से 16 लाख का गबन…चेक चोरी कर फर्जी ट्रांसफर का मामला दर्ज

सीएलएफ प्रबंधक, लेखपाल और बैंक कर्मियों पर मिलीभगत का आरोप, फर्जी हस्ताक्षर के जरिए कई खातों में भेजी गई रकम, जांच शुरू

बाराबंकी, 12 अप्रैल 2026:

सूरतगंज इलाके में आजीविका महिला क्लस्टर संगठन के खाते से 16 लाख से ज्यादा रुपये निकालने के मामले में मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि चेक बुक से पन्ने गायब कर फर्जी हस्ताक्षर के जरिए रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर की गई।

सूरतगंज निवासी सुनीला कुमारी क्लस्टर संगठन (सीएलएफ) की अध्यक्ष हैं। उनके मुताबिक संगठन का खाता बैंक ऑफ इंडिया सूरतगंज शाखा में संचालित होता है। मई 2025 में बैठक के बाद चेक बुक और मुहर को दफ्तर में रख दिया गया था। इसी दौरान चेक चोरी कर उनका इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि बैंक स्तर पर भी नियमों को नजरअंदाज किया गया।

जुलाई और अगस्त 2025 के दौरान अलग-अलग खातों में 16,09,080 रुपये ट्रांसफर किए गए। बाद में मामले को छिपाने के लिए पदाधिकारियों पर ही आरोप लगाकर शिकायत भेजी गई और खाते के संचालन पर रोक लगवा दी गई। बैंक स्टेटमेंट निकलने पर पूरे खेल का खुलासा हुआ।

मामले में सीएलएफ प्रबंधक रोली शुक्ला, सीएलएफ लेखापाल आरती देवी, वीरेन्द्र शुक्ला, बैंक सखी सरस्वती देवी, बैंक ऑफ इंडिया सूरतगंज के पूर्व शाखा प्रबंधक जितेन्द्र कुमार सिंह, वर्तमान शाखा प्रबंधक सुधीर सिंह, हरिश्चन्द्र ट्रेडर्स रामनगर, रिंकू ट्रेडर्स कैसरगंज, विक्की अवस्थी समेत अन्य को नामजद किया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button