बाराबंकी, 17 मार्च 2026:
सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन ने मंगलवार को होली मिलन समारोह मनाया। इसमें प्रदेश अध्यक्ष अमरनाथ यादव ने पेंशन से जुड़े मुद्दों पर बड़ा आंदोलन छेड़ने का एलान किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार और प्रस्तावित 8वें वेतन आयोग में पुराने पेंशनर्स की अनदेखी की जा रही है, जिससे लाखों रिटायर्ड कर्मचारियों में नाराजगी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन ने चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तय की है। इसके तहत 20 मार्च से प्रदेशभर में सामूहिक हस्ताक्षर अभियान शुरू होगा। इसके बाद 21 अप्रैल को सभी जिलों में धरना और विरोध सभाएं की जाएंगी। इसी दिन स्थानीय प्रशासन के जरिए प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। इसी तारीख को ऑल इंडिया स्टेट गवर्नमेंट पेंशनर्स फेडरेशन भी देशभर में प्रदर्शन करेगा, जिससे आंदोलन को और बल मिलने की उम्मीद है।

प्रदेश अध्यक्ष अमरनाथ यादव ने सभी जिला इकाइयों को पत्र भेजकर अभियान को तेज करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि यह सिर्फ मांग नहीं, बल्कि बुजुर्ग पेंशनर्स की जिंदगी से जुड़ा सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि वित्त विधेयक 2025 के जरिए पेंशनर्स में भेदभाव का रास्ता बनाया गया और अब 8वें वेतन आयोग की शर्तों में पुराने पेंशनर्स को बाहर रखा गया है।
सचिव एसके मिश्र और महामंत्री ओपी त्रिपाठी ने कहा कि 20 मार्च से हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। हर पेंशनर से हस्ताक्षर के साथ 10 रुपये का सहयोग लिया जाएगा, जिसे 21 अप्रैल से पहले प्रदेश कार्यालय भेजना होगा। उसी दिन जिला मुख्यालयों पर धरना देकर प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।

एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बाबू लाल वर्मा ने कहा
कि संगठन ने अपनी प्रमुख मांगों में पुराने पेंशनर्स को 8वें वेतन आयोग में शामिल करने, ओल्ड पेंशन स्कीम बहाल करने, पेंशन पर आयकर खत्म करने और कोरोना काल के 18 महीने के डीए एरियर का भुगतान करने की मांग रखी है। इसके अलावा 65 साल के बाद हर पांच साल में पेंशन बढ़ाने, रेल किराये में छूट बहाल करने और आयुष्मान योजना की सीमा बढ़ाने की भी मांग शामिल की है। बैठक के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। जिसमें रागिनी श्रीवास्तव, मुन्नी सिंह, अशोक सोनी, सुरेंद्र वर्मा, मधुकर खरे और सुशीला बाजपेई ने गीत और कविताएं पेश कीं। कार्यक्रम में एसोसिएशन के कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।







