बाराबंकी, 30 मई 2026:
बाराबंकी के हैदरगढ़ में एक सड़क हादसे ने पूरे अस्पताल स्टाफ को गमगीन कर दिया। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर किसी वाहन की टक्कर से 23 वर्षीय युवक अमन वाल्मीकि की मौत हो गई। हादसे के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद उसके पिता को ही शव के पास बुलाया गया।
हैदरगढ़ कस्बे के लोहिया वार्ड निवासी अमन वाल्मीकि शुक्रवार रात लखनऊ से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में गोतौना गांव के पास उसकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे एंबुलेंस से सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी में स्वीपर के पद पर तैनात अमन के पिता सुनील कुमार उस समय अस्पताल परिसर में ही मौजूद थे। रात में उन्हें एक अज्ञात युवक के शव पर चादर डालने के लिए बुलाया गया। जैसे ही उसने शव का चेहरा देखा, उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. जयशंकर पांडेय समेत अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
कुछ देर तक सुनील कुमार सदमे में रहे और कुछ बोल नहीं सके। बाद में उन्होंने बताया कि जिस युवक के शव पर चादर डालने आए थे, वह उनका बेटा अमन है। यह सुनते ही अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया और स्टाफ के लोग भी भावुक हो उठे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।






