आगरा, 30 मई 2026:
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी शनिवार को अपने पति माइकल बॉऊलोस के साथ ताजमहल पहुंचीं। ईरान के साथ तनाव और हालिया युद्धविराम को लेकर वैश्विक सुर्खियों के बीच ट्रंप परिवार की यह निजी यात्रा चर्चा का विषय बनी हुई है। ताजमहल की खूबसूरती ने टिफनी को इतना प्रभावित किया कि उन्होंने परिसर में करीब एक घंटा बिताकर इसकी वास्तुकला, संगमरमर और बारीक नक्काशी के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
टिफनी का चार्टर्ड विमान शनिवार सुबह आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर उतरा। यहां से उनका काफिला सीधे ताजमहल पहुंचा। गोल्फ कार्ट से स्मारक परिसर में प्रवेश करते समय उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। उनके साथ भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद थे।

ताजमहल भ्रमण के दौरान टिफनी ने गाइड से संगमरमर और उसमें की गई कलात्मक नक्काशी के बारे में कई सवाल किए। उन्होंने यह जानने में विशेष रुचि दिखाई कि इतनी महीन कारीगरी किस प्रकार की गई। गाइड ने उन्हें बताया कि ताजमहल में प्रयुक्त संगमरमर भारत का है जबकि जड़ाऊ नक्काशी में इस्तेमाल कई कीमती पत्थर अफ्रीका, यमन और अन्य देशों से मंगाए गए थे।
ताजमहल परिसर में टिफनी और माइकल ने सबसे अधिक समय प्रसिद्ध डायना बेंच के आसपास बिताया। दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर कई तस्वीरें खिंचवाईं और अलग-अलग अंदाज में फोटोशूट कराया। उन्होंने अपने स्टाफ के साथ ग्रुप फोटोग्राफ भी करवाए। इस दौरान टिफनी नारंगी रंग की लंबी ड्रेस में नजर आईं जबकि माइकल टी-शर्ट और ट्राउजर पहने हुए थे। दोनों ने धूप से बचाव के लिए सनग्लासेस लगाए थे।

ताजमहल से निकलने के बाद दंपती आगरा के मशहूर होटल पहुंचे। बताया जा रहा है कि होटल के कमरे से ताजमहल का शानदार दृश्य दिखाई देता है। लंच के बाद दोनों चार्टर्ड विमान से राजस्थान के जैसलमेर के लिए रवाना हो गए।
गौरतलब है कि वर्ष 2020 में डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया, बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुशनर के साथ ताजमहल देखने आए थे। करीब छह साल बाद ट्रंप परिवार का एक और सदस्य ताजनगरी पहुंचा है। इससे कुछ दिन पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी पत्नी पत्नी जेनेट के साथ ताजमहल का दीदार कर चुके है।






