Lucknow CityUttar Pradesh

Ayodhya Deepotsav 2026 : CM योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- 2017 से पहले बदहाल थी रामनगरी

Deepotsav के 10वें आयोजन पर योगी आदित्यनाथ ने गिनाईं रामनगरी के विकास की उपलब्धियां, राम मंदिर से सोलर सिटी तक बदली अयोध्या की तस्वीर, 1.71 लाख दीपों से शुरू हुआ दीपोत्सव बना आस्था और सनातन संस्कृति का प्रतीक

लखनऊ, 27 अक्टूबर 2026:

अयोध्या दीपोत्सव 2026 को लेकर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेशवासियों के साथ अपना उत्साह और भावनाएं साझा कीं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर रामनगरी के 10वें भव्य-दिव्य दीपोत्सव का उल्लेख करते हुए इसे सनातन संस्कृति के गौरव, प्रभु श्रीराम के प्रति अगाध श्रद्धा और सांस्कृतिक स्वाभिमान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि लाखों दीपों से जगमगाते सरयू तट, रामायण के प्रसंगों पर आधारित झांकियां, भव्य शोभायात्राएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करेंगी।

‘2017 से पहले उपेक्षा और बदहाली झेल रही थी अयोध्या’

सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले प्रभु श्रीराम की नगरी उपेक्षा, अव्यवस्था और बदहाली का सामना कर रही थी। उन्होंने रामभक्तों पर गोली चलवाने और हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने से जुड़े आरोपों का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि ऐसी सरकारों को रामनगरी के विकास से क्या मतलब था।

राम मंदिर से सोलर सिटी तक बदली अयोध्या की तस्वीर

योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद अयोध्या में विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया दौर शुरू हुआ। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से रामनगरी अपने प्राचीन वैभव को दोबारा प्राप्त कर रही है। मुख्यमंत्री ने भव्य श्रीराम मंदिर, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, सुसज्जित रामपथ, नव्य घाटों और आधुनिक सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सोलर सिटी के रूप में विकसित होती अयोध्या आज आस्था और आधुनिकता के संगम की मिसाल बन रही है।

ये भी पढ़ें:

1.71 लाख दीपों से शुरू हुआ सफर, अब विश्व रिकॉर्ड पर नजर

मुख्यमंत्री के मुताबिक वर्ष 2017 में 1.71 लाख दीपों से शुरू हुई दीपोत्सव की यात्रा आज देश-दुनिया के करोड़ों रामभक्तों की श्रद्धा का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी रामभक्त दीप प्रज्ज्वलन का विश्व कीर्तिमान बनाने के लिए तैयार हैं। योगी ने दीपोत्सव को सदियों से संजोए गए रामनगरी के गौरवशाली स्वरूप के सपने की अभिव्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि हर दीप तुष्टीकरण के अंधकार पर आस्था की विजय, सांस्कृतिक स्वाभिमान और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प का प्रतीक है।

ये भी पढ़ें  लू पर वार : योगी सरकार ने गो-आश्रयों के लिए दिए सख्त निर्देश, लापरवाही पर होगा एक्शन

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link