Bollywood News : मुंह में गुलाब, हाथ में बंदूक, किंग के नए पोस्टर से छाए शाहरुख, फैंस भी चहके
Shahrukh Khan King Movie Poster: शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर शेयर किया नया पोस्टर, लिखा कातिल नहीं आशिक हूं मैं, 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
एंटरटेनमेंट डेस्क, 27 अक्टूबर 2026:
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की फिल्म किंग को लेकर फैंस का इंतजार लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच अभिनेता ने मंगलवार की सुबह फिल्म का नया पोस्टर शेयर कर सोशल मीडिया पर हलचल बढ़ा दी है। पोस्टर में शाहरुख का अलग अंदाज देखने को मिल रहा है। फिल्म 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
आग की लपटों के बीच दिखा शाहरुख का अंदाज
शाहरुख खान ने मंगलवार सुबह अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर किंग का नया पोस्टर शेयर किया। इसमें वह आग की लपटों के बीच नजर आ रहे हैं। उनके ग्रे बाल, मुंह में गुलाब का फूल, हाथ में बंदूक वाला लुक पोस्टर को खास बना रहा है। अभिनेता ने पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा, ‘कातिल नहीं आशिक हूं मैं’ उनके इस अंदाज को लेकर फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई है।
सुहाना खान के साथ पहली बार दिखेंगे शाहरुख
किंग में शाहरुख खान अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन साझा करते नजर आएंगे। फिल्म में दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिका में हैं। इसके अलावा अभय वर्मा, रानी मुखर्जी, अरशद वारसी, अभिषेक बच्चन, सौरभ शुक्ला जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं।
पोस्टर पर फैंस ने दी प्रतिक्रिया
नया पोस्टर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स ने फिल्म को लेकर उत्साह जताया, जबकि कई लोगों ने शाहरुख के नए लुक की तारीफ की। फिल्म में शाहरुख का एक्शन अवतार देखने के लिए दर्शक उत्सुक हैं। इससे पहले भी उनका एक पोस्टर सुर्खियों में छा गया था।






