Lucknow City

लखनऊ में केमिकल से हड़कंप : टैंकर पलटने से हजारों लोग हुए हलकान, आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत

BKT में आउटर रिंग रोड पर फॉर्मेल्डिहाइड से भरा टैंकर पलटने के बाद कई गांवों में फैली केमिकल की धुंध, 10 से ज्यादा गांव और हॉस्टल प्रभावित, पुलिस ने रातभर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, चालक फरार

लखनऊ, 27 अक्टूबर 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के बख्शी का तालाब (BKT) क्षेत्र में सोमवार रात केमिकल से भरा टैंकर पलटने के बाद हड़कंप मच गया। आउटर रिंग रोड पर मानपुर बाना गांव के सामने टायर फटने से पलटे टैंकर से केमिकल (फॉर्मेल्डिहाइड लिक्विड) सड़क पर फैल गया। इसके बाद आसपास के गांवों में केमिकल की धुंध फैलने लगी। लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन, खांसी और खुजली की शिकायत होने लगी। हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और राहत टीमों ने मोर्चा संभालते हुए प्रभावित क्षेत्र में बैरीकेडिंग कराई और यातायात डायवर्ट किया।
lucknow-chemical-tanker-leak-bkt-accident-news (2)

10 से ज्यादा गांवों में फैला केमिकल का असर

केमिकल रिसाव से बीकेटी कस्बे समेत मानपुर बाना, अकोहरी, विजयपुर, नगवा मऊ, दुर्जनपुर और गाजीपुर सहित 10 से ज्यादा गांव प्रभावित हुए। आसपास के हॉस्टलों में रहने वाले सैकड़ों विद्यार्थियों समेत बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बीकेटी चौराहे और महिला थाने तक लोगों ने घुटन, खांसी और आंखों में जलन की शिकायत की। पुलिस ने आसपास की दुकानों को खाली कराया और एहतियातन इलाके में आवाजाही रोक दी।

SDRF-NDRF और दमकल की टीमें ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब दो किलोमीटर के क्षेत्र में बैरीकेडिंग कर यातायात का रूट डायवर्ट किया गया। सड़क पर फैले केमिकल को निष्क्रिय करने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली गई। पुलिस के मुताबिक टैंकर संडीला स्थित केमिकल फैक्टरी से केमिकल भरकर निकला था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि घायल हेल्पर भी अस्पताल चला गया।

ये भी पढ़ें:

फैक्टरी मालिक ने बताया केमिकल निष्क्रिय करने का तरीका

पुलिस के मुताबिक शुरुआत में राहत टीमों को लिक्विड को डायल्यूट करने की प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी। इसके बाद फैक्टरी मालिक मनु गुप्ता मौके पर पहुंचे और केमिकल को पतला करने का तरीका बताया। सड़क पर फैले लिक्विड को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की गई। केमिकल को सड़क किनारे खंती तक बहाकर मिट्टी डाल दी गई। रात करीब 12 बजे के बाद स्थिति सामान्य होने पर यातायात बहाल कर दिया गया।

Advertisement

lucknow-chemical-tanker-leak-bkt-accident-news (3)

अस्पताल में इमरजेंसी अलर्ट, मरीज नहीं पहुंचे

संभावित स्वास्थ्य संबंधी खतरे को देखते हुए क्षेत्र के रामसागर मिश्रा अस्पताल में डॉक्टरों और प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ की टीम को इमरजेंसी में तैनात किया गया। सीएमएस डॉ. वीके शर्मा समेत अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस तरह की घटना से निपटने के लिए जरूरी दवाएं और मेडिकल स्टाफ उपलब्ध हैं। देर रात तक केमिकल से प्रभावित कोई मरीज इमरजेंसी में नहीं पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक मामले में चालक और हेल्पर की तलाश की जा रही है। देर रात तक घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली थी।

ये भी पढ़ें  शिक्षकों को CM Yogi की नसीहत- बिखरा नहीं, एक भारत-श्रेष्ठ भारत चाहिए, बोले- विभाजनकारी ताकतों को न होने दें सफल

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link