सीतापुर, 22 फरवरी 2026:
होली से पहले बकाया मजदूरी न मिलने से परेशान पेपर मिल के मजदूरों का गुस्सा रविवार को सड़क पर दिखाई दिया। कोतवाली नगर क्षेत्र की मंडी चौकी इलाके में मिल मालिक के आवास के बाहर मजदूर धरने पर बैठ गए और जल्द भुगतान की मांग उठाई। मजदूरों का कहना है कि मिल करीब चार महीने से बंद पड़ी है। मिल मालिकों के आपसी विवाद के कारण अचानक काम ठप हो गया, जिससे सैकड़ों मजदूर बेरोजगार हो गए। तब से वे लगातार अपने बकाया वेतन के लिए भटक रहे हैं, लेकिन अब तक पूरा पैसा नहीं मिल सका है।
धरने पर बैठे मजदूरों ने बताया कि वे जिला प्रशासन से लेकर मिल प्रबंधन तक कई बार गुहार लगा चुके हैं। जिलाधिकारी से शिकायत करने के बाद भी सिर्फ आश्वासन मिला, जबकि भुगतान की समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका आरोप है कि विरोध प्रदर्शन होने पर कभी थोड़ी रकम दे दी जाती है, लेकिन पूरा भुगतान करने के बजाय मामला टाल दिया जाता है।
मजदूरों ने यह भी कहा कि पहले किसान संगठनों ने भी इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया था, मगर हालात में कोई खास बदलाव नहीं आया। लंबे समय से काम बंद रहने और वेतन न मिलने से मजदूरों के घरों में रोजी रोटी का संकट गहरा गया है। बच्चों की पढ़ाई और घर खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।
धरने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। मजदूरों ने साफ कहा कि अगर जल्द बकाया वेतन नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रशासन की ओर से समस्या के जल्द समाधान का भरोसा दिया गया है।






