लखनऊ, 10 मार्च 2026:
श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए संचालित अटल आवासीय विद्यालय योजना के तहत कक्षा 6 और कक्षा 9 में दाखिले की परीक्षा पहली बार पूरे प्रदेश में एक ही दिन सफलतापूर्वक आयोजित की गई। प्रदेश के सभी जनपदों में बनाए गए 89 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से परीक्षा सम्पन्न हुई। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कक्षा 6 में प्रवेश के लिए निर्धारित 2880 सीटों के सापेक्ष 12,018 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। कक्षा 9 की 1140 सीटों के लिए 9,054 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। दोनों कक्षाओं को मिलाकर 21,072 विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा में हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी इस योजना के प्रति बढ़ते विश्वास और लोकप्रियता को दर्शाती है।
इस बार परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और एकरूप बनाने के लिए प्रश्नपत्र प्रदेश स्तर पर विशेषज्ञों की टीम द्वारा तैयार कराए गए। इससे सभी परीक्षा केंद्रों पर समान मानकों के अनुरूप परीक्षा आयोजित करना संभव हो सका। परीक्षा के सफल और सुचारु संचालन के लिए योगी सरकार ने जिला प्रशासन, श्रम विभाग, नामित नोडल अधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों के माध्यम से व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं।
सुरक्षा, गोपनीयता और अनुशासन बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए थे। इसके चलते परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। मालूम हो कि अटल आवासीय विद्यालय योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों तथा निराश्रित बच्चों को निशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान की जाती है।
इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को मुफ्त भोजन, यूनिफॉर्म, पुस्तकें, खेलकूद सुविधाएं और विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां भी उपलब्ध कराई जाती हैं। सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुरूप संचालित इन विद्यालयों में आधुनिक कक्षाएं, छात्रावास, पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, खेल मैदान और डिजिटल शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे विद्यार्थियों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।






