Sports

पांच मैचों की टी20 सीरीज 17 अप्रैल से…दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए महिला टीम घोषित

अनुष्का शर्मा को पहली बार मौका, टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में रहेगी, बल्लेबाजी व गेंदबाजी दोनों में बैलेंस दिखा

स्पोर्ट्स डेस्क, 24 मार्च 2026:

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम का एलान कर दिया है। यह सीरीज 17 अप्रैल से 27 अप्रैल तक खेली जाएगी। टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर के पास रहेगी, जबकि स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है।

अनुष्का शर्मा को मिला चयन का तोहफा

इस टीम में अनुभव और नए चेहरों का संतुलन दिख रहा है, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा अनुष्का शर्मा के चयन को लेकर है, जिन्हें पहली बार राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। अनुष्का शर्मा ने हाल ही में महिला प्रीमियर लीग में गुजरात जाएंट्स के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने सात पारियों में 177 रन बनाए, स्ट्राइक रेट 129.19 रहा। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें टीम में मौका मिला है।

टीम का बल्लेबाजी क्रम मजबूत नजर आ रहा है। इसमें शेफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स और दीप्ति शर्मा जैसे भरोसेमंद नाम शामिल हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋचा घोष और उमा छेत्री संभालेंगी। स्पिन में श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी के साथ दीप्ति शर्मा अहम भूमिका निभाएंगी। तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ के पास रहेगी।

ये है सीरीज का शेड्यूल

पहला मैच 17 अप्रैल को डरबन में खेला जाएगा, दूसरा 19 अप्रैल को भी यहीं होगा। तीसरा और चौथा मुकाबला 22 और 25 अप्रैल को जोहानिसबर्ग में होगा। आखिरी मैच 27 अप्रैल को बेनोनी में खेला जाएगा।

भारतीय महिला टीम की प्लेइंग 11

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, काशवी गौतम, भारती फुलमाली, उमा छेत्री (विकेटकीपर), अनुष्का शर्मा।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button