अयोध्या, 2 मार्च 2026:
जिले की मिल्कीपुर तहसील में आंगनबाड़ी भवन निर्माण को लेकर सियासी और प्रशासनिक टकराव सामने आया है। भाजपा के पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा और मिल्कीपुर के एसडीएम सुधीर कुमार के बीच फोन पर हुई बातचीत का एक ऑडियो क्लिप इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है। इस क्लिप में पूर्व विधायक की ओर से तीखी भाषा के इस्तेमाल के आरोप लगाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार अमानीगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत पूरा उर्फ सुमेरपुर में आंगनबाड़ी केंद्र के लिए प्रस्तावित भूमि पर एक युवक ने मकान निर्माण शुरू कर दिया। इसी को लेकर पूर्व विधायक और एसडीएम के बीच शनिवार रात फोन पर बातचीत हुई। मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। डीएम के निर्देश पर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया। प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल निर्माण गतिविधि पूरी तरह बंद करा दी गई है।

बताया जा रहा है कि रातोंरात दीवार खड़ी करने के मामले पर पूर्व विधायक ने कड़ी आपत्ति जताई और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मिल्कीपुर एसडीएम सुधीर कुमार को फोन मिला दिया। वायरल ऑडियो में वह एसडीएम को एक-एक काम गिनाते हुए नाराजगी जताते सुनाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान कार्यकर्ता प्रताप और एक लेखपाल के स्थानांतरण की सिफारिश का भी जिक्र किया गया। इस दौरान उनसे ज्यादा भीड़ अपने साथ होने व अपनी मर्जी का ही एसडीएम पोस्ट रहने की बात कही। उन्हें सज्जन और सरल बताते हुए ये भी कहा कि आप खूब एसडीएमगिरी करिए हम लौटेंगे, भाषण होगा तब देख लेंगे।।
हालांकि एसडीएम सुधीर कुमार ने स्वीकार किया कि उनकी पूर्व विधायक से बातचीत हुई थी लेकिन उनका कहना है कि वार्ता सौहार्दपूर्ण थी और मामला आंगनबाड़ी भवन निर्माण से जुड़ा था। उन्होंने किसी भी तरह की अभद्रता से इनकार किया है। बता दें कि मिल्कीपुर क्षेत्र में लंबे समय से सियासी खींचतान की चर्चा रही है। हाल के उपचुनाव में पार्टी ने गोरखनाथ बाबा का टिकट काटकर चंद्रभानु पासवान को उम्मीदवार बनाया था, जो चुनाव जीतने में सफल रहे। बातचीत के दौरान उनका नाम भी अप्रत्यक्ष रूप से सामने आने की बात कही जा रही है।






