बाराबंकी, 2 अप्रैल 2026:
लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर एलपीजी टैंकर से गैस रिसाव की घटना ने बुधवार रात से गुरुवार तक पूरे इलाके में अफरातफरी मचा दी। बाराबंकी शहर के असेनी मोड़ के पास नेपाल जा रहे एक टैंकर से अचानक गैस लीक होने लगी। इससे बड़ा हादसा बच तो गया लेकिन स्थिति बेहद गंभीर बन गई। रिसाव इतना तेज था कि स्थानीय स्तर पर किए गए सभी प्रयास नाकाम रहे और प्रशासन को तत्काल हाईवे के दोनों लेन बंद करने पड़े।
हाईवे बंद होते ही लखनऊ से अयोध्या और गोरखपुर रूट पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हजारों वाहन रातभर लंबी कतारों में फंसे रहे। प्रशासन ने स्थिति संभालने के लिए लखनऊ के बंथरा स्थित इंडियन ऑयल प्लांट से विशेषज्ञ टीम को बुलाया लेकिन गुरुवार सुबह तक वे भी रिसाव रोकने में सफल नहीं हो सके।

अधिकारियों के अनुसार टैंकर के अंदर गैस का दबाव काफी अधिक होने के कारण तकनीकी और स्थानीय दोनों उपाय विफल रहे। इसके बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शाहजहांपुर से विशेष उपकरणों के साथ एक्सपर्ट टीम को बुलाया गया। अंततः गैस को दूसरे सुरक्षित टैंकर में ट्रांसफर करने का निर्णय लिया गया। यह इस पूरे ऑपरेशन का अंतिम विकल्प माना जा रहा है।
इस घटना का सबसे ज्यादा असर मरीजों और यात्रियों पर पड़ा। बाराबंकी जिला अस्पताल से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किए गए कई गंभीर मरीजों को रास्ता बंद होने के कारण वापस आईसीयू में शिफ्ट करना पड़ा। हालांकि गुरुवार सुबह कुछ राहत मिलने पर उन्हें चिनहट रोड के वैकल्पिक मार्ग से लखनऊ भेजा गया।

रोडवेज की दर्जनों बसें व दूसरे तमाम वाहन रात भर जाम में फंसे रहे। उनमें सवार यात्री रातभर भूख-प्यास से परेशान रहे। सफेदाबाद के पास फंसे कई यात्रियों ने हिम्मत दिखाते हुए इंदिरा कैनाल और पुराने हाईवे के रास्ते पैदल ही निकलना बेहतर समझा।
पूरे बाराबंकी शहर में ट्रैफिक का भारी दबाव गुरुवार सुबह तक बना रहा। प्रशासन द्वारा किए गए डायवर्जन भी संकरे रास्तों के कारण ज्यादा प्रभावी साबित नहीं हो पा रहे हैं। इससे हालात गुरुवार दोपहर तक चुनौतीपूर्ण बन रहे।






