Business

ग्लोबल तनाव से लड़खड़ाया शेयर बाजार…सेंसेक्स 1600 अंक टूटा, निफ्टी 23600 के नीचे

अमेरिका-ईरान बातचीत बेनतीजा रहने से निवेशकों में डर बढ़ा, बैंकिंग, फाइनेंस और ऑयल सेक्टर में तेज बिकवाली, VIX में उछाल

बिजनेस डेस्क, 13 अप्रैल 2026:

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार दबाव में खुला और शुरुआत से ही भारी गिरावट देखने को मिली। ग्लोबल माहौल बिगड़ने का असर सीधे भारतीय बाजार पर पड़ा। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 1600 अंक टूट गया, जबकि निफ्टी 23600 के नीचे फिसल गया।

सुबह करीब 9:20 बजे सेंसेक्स 75,900 के आसपास निचले स्तर तक पहुंच गया। वहीं निफ्टी में 450 अंकों से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। बाजार में डर का माहौल साफ दिखा, जिसका असर लगभग सभी सेक्टरों पर पड़ा।

अमेरिका और ईरान के बीच हालिया बातचीत से कोई हल नहीं निकल पाया, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई। इसका असर यह हुआ कि बाजार में चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई। खासकर सरकारी बैंकों के शेयर सबसे ज्यादा दबाव में रहे। इसके अलावा बैंकिंग, फाइनेंशियल और तेल-गैस सेक्टर में भी तेज गिरावट आई।

बाजार की अस्थिरता को मापने वाला इंडेक्स VIX 13 फीसदी से ज्यादा उछलकर 21 के पार पहुंच गया, जो निवेशकों की घबराहट को दिखाता है। दूसरी तरफ फार्मा और हेल्थकेयर जैसे सेक्टर में गिरावट सीमित रही, जहां कुछ हद तक सुरक्षित निवेश देखने को मिला।

इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में भी तेज उछाल आया है। ब्रेंट क्रूड 103 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया, जिससे महंगाई और ग्लोबल ग्रोथ को लेकर नई चिंता खड़ी हो गई है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button