Unnao City

गूगल मैप ने रास्ते से भटकाया…शादी में जा रहे थे युवक, नाले में लटकी कार

कानपुर से निकले थे कार सवार युवक, बीघापुर क्षेत्र में फंसी कार, राहगीरों ने पहले उन्हें सुरक्षित निकाला, सुबह हाइड्रा से बाहर निकाली गई कार

उन्नाव, 7 मार्च 2026:

बीघापुर कस्बे में गूगल मैप के सहारे शादी समारोह में जा रहे दो युवक रास्ता भटक गए और उनकी कार नाले में लटक गई। मौके पर मौजूद राहगीरों की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शनिवार सुबह हाइड्रा की मदद से कार को भी नाले से बाहर निकाला गया।

बारासगवर थाना क्षेत्र के भगवंतखेड़ा गांव निवासी सूर्यपाल यादव के घर शुक्रवार को शादी समारोह था। समारोह में शामिल होने के लिए कानपुर के नौबस्ता निवासी संदीप और सुनील कुमार कार से वहां जा रहे थे। संदीप ने बताया कि उन्होंने गूगल मैप में भगवंतखेड़ा की लोकेशन डाली थी। मैप के अनुसार रास्ता लालकुआं से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर बताया जा रहा था। इसी आधार पर वह आनंदी मंदिर से रुझई मार्ग की ओर मुड़ गए। आगे रास्ता कच्चा दिख रहा था, लेकिन वे लोकेशन के अनुसार आगे बढ़ते रहे।

कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद पता चला कि आगे केवल पैदल रास्ता है। कार को वापस मोड़ते समय बीघापुर से रुझई जाने वाले मार्ग पर शारदा नहर के पास नाले के किनारे गाड़ी फिसल गई और नाले में लटक गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों युवकों को बाहर निकलने में मदद की। सूचना मिलने के बाद शनिवार सुबह हाइड्रा बुलाकर कार को नाले से बाहर निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button