हल्द्वानी, 28 फरवरी 2026:
हल्द्वानी के सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 147 करोड़ 28 लाख 56 हजार रुपये की लागत वाली 40 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 72 करोड़ 38 लाख रुपये की 23 योजनाओं का लोकार्पण और 74 करोड़ 90 लाख 56 हजार रुपये की 17 योजनाओं का शिलान्यास शामिल रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से नैनीताल जिले में विकास को नई रफ्तार मिलेगी और बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ लगातार काम कर रही है और हर क्षेत्र में बदलाव नजर आ रहा है। विकास के साथ राज्य की विरासत और संस्कृति को भी आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
लोकार्पित योजनाओं में शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान का मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब, कोटाबाग, महादेवपुरम, झलुवाझाला, बेलपोखरा और बैलपडाव में नलकूप निर्माण जैसे कार्य शामिल रहे। इसके अलावा महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण, लालकुआ क्षेत्र में नलकूपों पर स्टेबलाइजर स्थापना और जल जीवन मिशन के तहत हरिपुर लच्छी, कालूपुर पोखरिया, जीतपुर रैक्वाल, देवलातल्ला, बसन्तपुर, किशनपुर रैक्वाल, चोरगलिया आमखेड़ा, जयराम परमा, हल्दूचौड़ जग्गी समेत 14 पेयजल योजनाओं का लोकार्पण किया गया। रामगढ़ पशु चिकित्सालय भवन निर्माण भी इसी चरण में पूरा हुआ।

शिलान्यास की गई योजनाओं में कसियालेख से धारी मोटर मार्ग, रानीबाग खुटानी मार्ग, चाफी पदमपुरी धानाचुली सड़क सुधारीकरण, मोतियापाथर शहरफाटक मार्ग, भेंटी दियारी खोली मार्ग, नवाबी रोड सीवरेज कार्य, 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण, नारीमन तिराहे से गौलापुर सड़क मरम्मत, देवरामपुर गौलागेट मार्ग सुधार, हल्दूचौड़ गौलारोड डीबीएमसी कार्य, चांदनी चौक से घुड़दौड़ मार्ग सुधारीकरण सहित कई परियोजनाएं शामिल हैं। साथ ही पनचक्की चौफुला कठघरिया नहर कवरिंग और अन्य सड़क विकास कार्यों की भी शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के दौरान विशेष योजनांतर्गत सहायता कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी काठगोदाम स्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना का भूमि पूजन भी किया गया। इस परियोजना की लागत करीब 15443 लाख रुपये बताई गई है।
सीएम धामी ने थाल सेवक बनकर परोसा भोजन
कार्यक्रम स्थल के पास संचालित थाल सेवा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने थाल सेवक के रूप में जरूरतमंदों को भोजन परोसा। इस दौरान उन्होंने सेवा से जुड़ी टीम को बर्तन समेत अन्य सहयोग सामग्री भी भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2018 से चल रही यह पहल अस्पताल में आने वाले तीमारदारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। बिना किसी सरकारी सहायता के यहां रोज करीब 1000 से 1200 लोगों को मात्र 5 रुपये में भोजन कराया जाता है और अब तक करीब 30 लाख थाल परोसे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि उनके परिवार की ओर से भी हर माह एक दिन थाल सेवा की जाती है और उसी क्रम में वह स्वयं सेवा देने पहुंचे।टीम थाल सेवा ने बाजपुर निवासी विशाल को कृत्रिम पैर भी उपलब्ध कराया।
इस मौके पर सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्या सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टी. सी. समेत प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।






