Barabanki City

आइसक्रीम के 10 रुपये के विवाद में युवक की हत्या…सिर काटकर चूल्हे पर भूना

हमला करने वाले युवक पर पहले से दर्ज हैं मारपीट के केस, पुलिस को मानसिक विक्षिप्त होने की आशंका, मौके से आरोपी को दबोचा

बाराबंकी, 29 मार्च 2026:

टिकैतनगर के परसावल गांव में आइसक्रीम के 10 रुपये मांगने पर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी ने न सिर्फ युवक का सिर धड़ से अलग किया बल्कि उसे अपनी झोपड़ी में ले जाकर चूल्हे पर भून दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दरियाबाद क्षेत्र के बेहटा गांव निवासी 26 वर्षीय बब्लू साइकिल से फेरी लगाकर बर्फ व आइसक्रीम बेचता था। शनिवार को वह अपने चचेरे भाई नीरज के साथ परसावल गांव पहुंचा था। इसी दौरान गांव के बाहर झोपड़ी में रहने वाले शंकर यादव ने उससे आइसक्रीम ली। बताया गया कि जब बब्लू ने 10 रुपये मांगे तो शंकर भड़क गया। उसने कमर में रखा बांका निकालकर बब्लू पर हमला कर दिया। बब्लू के गिरने के बाद भी वह लगातार वार करता रहा, जब तक उसकी गर्दन धड़ से अलग नहीं हो गई।

नीरज ने बीच बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी उस पर भी झपटा, जिससे वह जान बचाकर भाग गया। बब्लू की चीख सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, मगर खौफनाक मंजर देखकर कोई पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका। इसी बीच आरोपी सिर उठाकर अपनी झोपड़ी में ले गया और चूल्हा जलाकर उसे भूनने लगा। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। दूरी और रास्ते की दिक्कत के चलते पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंच सकी।

घटनास्थल पर पड़ा शव और झोपड़ी में मिला जला हुआ सिर देखकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। पुलिस ने मौके से ही आरोपी शंकर यादव को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है। उसके खिलाफ पहले भी मारपीट के मामले दर्ज हैं।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button