Sports

जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप की टीम घोषित, लखनऊ के इन दो नौनिहालों को भी मिली जगह

एफआईएच जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025 के लिए भारत की 18 सदस्यीय टीम घोषित कर दी गई है, जिसमें रोहित को कप्तान बनाया गया है।

खेल डेस्क, 14 नवंबर 2025 :

हॉकी इंडिया ने तमिलनाडु में होने वाले एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप 2025 के लिए भारत की 18 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। यह बड़ा टूर्नामेंट 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में खेला जाएगा, जहां दुनिया की टॉप टीमें मैदान में उतरेंगी।

भारत की युवा ब्रिगेड का भरोसा कोच श्रीजेश पर

भारतीय टीम के हेड कोच पूर्व गोलकीपर पी आर श्रीजेश हैं, जो खुद एक लीजेंडरी खिलाड़ी रह चुके हैं। टीम पूल बी में खेल रही है, जहां भारत का सामना चिली, स्विट्जरलैंड और ओमान से होगा। ओमान ने पाकिस्तान की जगह टूर्नामेंट में एंट्री ली है।

ये भी पढ़ें:

रोहित के कंधों पर कप्तानी, गोल में बिक्रमजीत और प्रिंसदीप

टीम की कमान डिफेंडर और ड्रैगफ्लिकर रोहित को सौंपी गई है। उन्होंने हाल ही में सुल्तान ऑफ जोहोर कप में शानदार प्रदर्शन किया था जहां भारत ने सिल्वर मेडल जीता था। गोलकीपर के रूप में बिक्रमजीत सिंह और प्रिंसदीप सिंह को चुना गया है।

रक्षा, मिडफील्ड और फॉरवर्ड लाइन पूरी तरह संतुलित

रक्षा पंक्ति में कप्तान रोहित के साथ अमीर अली, अनमोल एक्का, तालेम प्रियोबार्ता, सुनील पलक्षप्पा बेंन्नूर और अनुभवी शारदानंद तिवारी टीम को मजबूती देते नजर आएंगे।
मिडफील्ड में अंकित पाल, अडरोहित एक्का, थौनाोजम इंगलेम्बा लुवांग, मनमीत सिंह और रोसन कुजुर तालमेल बनाने की जिम्मेदारी निभाएंगे।

फॉरवर्ड लाइन में सौरभ आनंद कुशवाहा, अर्शदीप सिंह, अजीत यादव, दिलराज सिंह और गुरजोत सिंह गोल करने की कोशिशों को आगे बढ़ाएंगे। गुरजोत ने पिछले साल एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में सीनियर टीम के साथ डेब्यू किया था, जिससे टीम के आक्रमण को और मजबूती मिलती है।

लखनऊ के दो होनहार टीम का हिस्सा

लखनऊ की गलियों से दो ऐसे युवा निकले हैं, जिनके जज़्बे ने हालातों को भी मात दे दी। एक तरफ आमिर अली हैं, जिनके पिता मोपेड मैकेनिक हैं, और दूसरी तरफ शारदानंद तिवारी, जिनके पिता डीएम हाउस में होमगार्ड की ड्यूटी निभाते हैं। दोनों ने अपनी मेहनत और लगन से न सिर्फ जूनियर विश्व कप तक जगह बनाई, बल्कि साबित कर दिया कि बड़े सपने देखने के लिए बड़ी जेब नहीं, बड़ा हौसला चाहिए।

हिंदल की कमी जरूर खलेगी

स्टार स्ट्राइकर अराइजित सिंह हिंदल इस बार टीम में नहीं होंगे। कंधे की चोट के कारण वे विश्व कप से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह रवनीत सिंह और रोहित कुल्लू को अतिरिक्त खिलाड़ियों के रूप में रखा गया है।

युवा टीम पर कोच श्रीजेश का भरोसा

कोच श्रीजेश ने कहा कि टीम पूरी तरह संतुलित और अनुभवी है। खिलाड़ियों का चयन फिटनेस, कौशल और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने बताया कि टीम ने तैयारी के दौरान कई अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और सीनियर टीम के साथ भी अभ्यास किया है, जिससे आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। उनका लक्ष्य घरेलू दर्शकों के सामने दमदार प्रदर्शन करना है।

भारतीय जूनियर टीम की पूरी लिस्ट

गोलकीपर्स: बिक्रमजीत सिंह, प्रिंसदीप सिंह
डिफेंडर: रोहित क्यू, तालेम प्रियोबार्ता, अनमोल एक्का, अमीर अली, सुनील पलक्षप्पा बेंन्नूर, शारदानंद तिवारी
मिडफील्डर: अंकित पाल, थौनाोजम इंगलेम्बा लुवांग, अडरोहित एक्का, रोसन कुजुर, मनमीत सिंह, गुरजोत सिंह
फॉरवर्ड्स: अर्शदीप सिंह, सौरभ आनंद कुशवाहा, अजीत यादव, दिलराज सिंह

अतिरिक्त खिलाड़ी: रवनीत सिंह, रोहित कुल्लू हैं।

युवा भारतीय टीम घरेलू मैदान पर अपना दिखाएगी असली दम

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि भारत की यह जोशीली जूनियर टीम घरेलू मैदान पर कितना दम दिखाती है। अनुभवी कोचिंग, संतुलित स्क्वाड और युवा खिलाड़ियों के उत्साह के साथ टीम से उम्मीदें काफी बड़ी हैं। अब फैन्स 28 नवंबर का इंतज़ार कर रहे हैं, जब भारत अपने अभियान की शुरुआत करेगा।

ये भी पढ़ें  IPL 2026- RCB vs DC : आखिरी ओवर में पलटा मैच, दिल्ली ने आरसीबी को हराया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button