स्पोर्ट्स डेस्क, 1 अप्रैल 2026:
IPL 2026 का आगाज आज शाम लखनऊ के अटल बिहारी इकाना स्टेडियम में होने जा रहा है। पहले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने होंगी। मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा और इसे लेकर शहर में सुबह से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
इकाना स्टेडियम की करीब 50 हजार दर्शक क्षमता है और मंगलवार शाम तक लगभग 80 फीसदी टिकट बिक चुके थे। ऐसे में साफ हो गया है कि मुकाबला हाउसफुल रहेगा। स्थानीय फैंस अपनी टीम को सपोर्ट करने के लिए बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचने की तैयारी में हैं। लखनऊ टीम इस बार नए जोश के साथ मैदान में उतर रही है। पिछले सीजन में घरेलू मैदान पर खराब प्रदर्शन का असर टीम की रैंकिंग पर भी पड़ा था, जहां सात मैचों में सिर्फ दो जीत मिली थीं। इसी को देखते हुए टीम मैनेजमेंट ने इस बार खिलाड़ियों की फिटनेस और संयोजन पर खास ध्यान दिया है।

मुकाबले से पहले इकाना में करीब 12 दिन का कैंप लगाया गया, जिसमें हेड कोच जस्टिन लैंगर और क्रिकेट डायरेक्टर टॉम मूडी की देखरेख में खिलाड़ियों ने जमकर अभ्यास किया। ओवरसीज खिलाड़ी भी समय रहते टीम से जुड़ गए और तैयारी को अंतिम रूप दिया गया। इकाना स्टेडियम में होने वाले इस मैच में सबसे ज्यादा नजर लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत पर रहेगी, जो इस सीजन बेहतर शुरुआत करना चाहेंगे। पिछले सीजन में पंत से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह उस स्तर का प्रदर्शन नहीं कर सके। टीम को भी चोटों से जूझना पड़ा, खासकर तेज गेंदबाजी विभाग में। इस बार हालात अलग हैं। टीम के पास फिट खिलाड़ी हैं और मोहम्मद शमी जैसे अनुभवी गेंदबाज के जुड़ने से आक्रमण मजबूत नजर आ रहा है। मयंक यादव ने भी फिटनेस पर काम किया है और उनसे अच्छी वापसी की उम्मीद है।
लखनऊ की बल्लेबाजी इस बार ज्यादा मजबूत दिख रही है। मिचेल मार्श और एडेन मार्करम ओपनिंग में उतर सकते हैं। पंत तीसरे नंबर पर खेल सकते हैं, जहां उन्होंने पहले अच्छा प्रदर्शन किया था। निकोलस पूरन मिडिल ऑर्डर को मजबूती देंगे। वहीं दिल्ली कैपिटल्स के सामने सबसे बड़ी दिक्कत ओपनिंग कॉम्बिनेशन की है। पिछले सीजन में टीम ने कई जोड़ियां आजमाईं, लेकिन स्थिरता नहीं मिल सकी। इस बार केएल राहुल के साथ कौन उतरेगा, यह अब भी तय नहीं है। पृथ्वी शॉ, अभिषेक पोरेल और पाथुम निसांका विकल्प के तौर पर मौजूद हैं।
दिल्ली ने मिडिल ऑर्डर को मजबूत करने के लिए डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स को शामिल किया है। गेंदबाजी में अक्षर पटेल और कुलदीप यादव टीम के अहम खिलाड़ी होंगे। हालांकि मिचेल स्टार्क चोट के चलते पहला मैच नहीं खेल पाएंगे।
स्टेडियम में एंट्री को लेकर भी सख्त व्यवस्था की गई है। दर्शकों को वैध टिकट साथ लाना जरूरी होगा। गेट मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले खुलेंगे। टिकट का बारकोड सही होना चाहिए, छेड़छाड़ होने पर एंट्री नहीं मिलेगी। एक टिकट पर सिर्फ एक बार प्रवेश होगा, बाहर निकलने के बाद दोबारा अंदर आने की अनुमति नहीं होगी।
संभावित प्लेइंग-11
लखनऊ सुपर जायंट्स: मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान, विकेटकीपर), निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, अब्दुल समद, एनरिच नॉर्त्जे, मोहम्मद शमी, आवेश खान, मयंक यादव, दिग्वेश राठी
दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल, पृथ्वी शॉ/अभिषेक पोरेल/पाथुम निसांका, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), कुलदीप यादव, लुंगी एनगिदी, अन्य गेंदबाज






