लखनऊ, 1 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आज शाम होने वाले आईपीएल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। सीजन के पहले मैच को देखने के लिए हजारों दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है। हर तरफ क्रिकेट का खुमार है लेकिन इस रोमांच के बीच मौसम का मिजाज फैंस की खुशी पर पानी फेर सकता है।
शाम 7:30 बजे शुरू होने वाले इस मुकाबले पर बारिश का साया मंडरा रहा है। दिन में जहां धूप खिली रही, वहीं शाम को मौसम के अचानक बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार लखनऊ समेत कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, बाराबंकी, कन्नौज, हरदोई, सीतापुर आदि जनपदों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने का भी अनुमान है।
अगर मैच के दौरान बारिश होती है तो इसका सीधा असर पिच और खेल पर पड़ेगा। पिच के भीगने से मैच रोकना पड़ सकता है। वहीं स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को भी बारिश का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में फैंस का उत्साह कुछ हद तक फीका पड़ने की आशंका है।
मौसम में यह बदलाव मंगलवार रात भी देखने को मिला, जब अचानक हवा चलने के साथ बारिश शुरू हो गई। कई जगह बुधवार सुबह तक हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा। इससे बीते दिनों की गर्मी से लोगों को राहत जरूर मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से हुआ है। इसका असर अभी कुछ समय तक बना रहेगा।
मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों में लखनऊ और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। ऐसे में आज का आईपीएल मुकाबला मौसम की परीक्षा से गुजरता नजर आ रहा है। इस मैच में फैंस की नजरें सिर्फ खिलाड़ियों पर ही नहीं बल्कि आसमान पर भी टिकी रहेंगी।






