Lucknow City

इकाना में IPL का रोमांच, लखनऊ में ट्रैफिक पर ब्रेक, आज दोपहर से रात तक रूट डायवर्जन लागू

लखनऊ सुपरजाइंट्स बनाम गुजरात टाइटंस मुकाबले को लेकर सख्त ट्रैफिक प्लान, शहीद पथ पर बसों और व्यावसायिक वाहनों की एंट्री बंद, दर्शकों से पीक आवर से बचने की अपील

लखनऊ, 12 अप्रैल 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में आज आईपीएल 2026 के तहत लखनऊ सुपरजाइंट्स और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। गोमतीनगर विस्तार स्थित इकाना स्टेडियम में दोपहर बाद खेले जाने वाले इस मैच के मद्देनजर आज दोपहर 12 बजे से मुकाबला समाप्त होने तक विशेष डायवर्जन प्लान लागू रहेगा।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मैच के दौरान शहीद पथ पर रोडवेज बसों और सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों (छोटे-बड़े) के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि निजी वाहनों और टैक्सियों को छूट दी गई है। इमरजेंसी सेवाओं जैसे एंबुलेंस, शव वाहन और फायर ब्रिगेड को वैकल्पिक मार्गों से निर्बाध रूप से निकाला जाएगा।किसी भी आपात स्थिति में लोग ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।

सुल्तानपुर रोड से आने वाले वाहनों को अमूल तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा जबकि अर्जुनगंज की ओर से आने वाले वाहन कटाई पुल के रास्ते मोड़े जाएंगे। इसी तरह एयरपोर्ट और अन्य मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग डायवर्जन तय किए गए हैं। ई-रिक्शा और ऑटो को शहीद पथ पर पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। यहां तक कि सर्विस रोड पर भी इन्हें चलने की अनुमति नहीं होगी।

WhatsApp Image 2026-04-12 at 10.25.41 AM

ऑटो और ई-रिक्शा के लिए विशेष पिक-एंड-ड्रॉप पॉइंट तय किए गए हैं। अर्जुनगंज की ओर से आने वाले वाहन अहिमामऊ से मुड़कर पीएचक्यू और यूपी-112 मुख्यालय के पीछे से होकर यात्रियों को उतारेंगे। वहीं, सुल्तानपुर रोड से आने वाले ऑटो-रिक्शा लुलु मॉल की तरफ जाकर सवारी उतारेंगे। अहिमामऊ क्षेत्र में 500 मीटर की परिधि में सवारी बैठाने और उतारने पर पूरी तरह रोक रहेगी।

पार्किंग व्यवस्था भी पूरी तरह व्यवस्थित की गई है। जिन दर्शकों के पास वाहन पास है उन्हें अहिमामऊ से एचसीएल की ओर भेजा जाएगा, जहां से वाटर टैंक तिराहे और प्लासियो मॉल के पास निर्धारित पार्किंग स्थल उपलब्ध होंगे। बिना पास वाले वाहनों को भी इसी रूट से भेजा जाएगा लेकिन उन्हें उपलब्धता के अनुसार पार्किंग दी जाएगी। दोपहिया वाहनों के लिए अलग से प्लासियो मॉल के पीछे पार्किंग तय की गई है।

ट्रैफिक पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि स्टेडियम या उसके आसपास अवैध पार्किंग करने पर वाहन टो किए जाएंगे और क्लैम्प लगाया जाएगा। टिकट पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर दर्शक पार्किंग स्थल की जानकारी मैप सहित प्राप्त कर सकते हैं।

मैच के लिए प्रवेश समय भी निर्धारित किया गया है। दर्शकों को मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले प्रवेश मिलेगा और दूसरी पारी के मध्य तक ही एंट्री संभव होगी। एक बार स्टेडियम से बाहर निकलने पर दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। बिना टिकट या ड्यूटी कार्ड के प्रवेश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा के लिहाज से सिक्के, ईयरफोन और ज्वलनशील पदार्थों को स्टेडियम में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। यातायात पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि मैच देखने नहीं जा रहे हैं तो स्टेडियम क्षेत्र से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे दोपहर 2 से 4 बजे के पीक आवर से बचते हुए पहले या बाद में स्टेडियम पहुंचें जिससे ट्रैफिक जाम से बचा जा सके और मैच का आनंद बिना किसी परेशानी के लिया जा सके।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button