Sitapur City

खेत की रखवाली कर रहे युवक पर सियार का हमला…गांव में फैली दहशत

रालामऊ गांव में सुबह हुई घटना, झाड़ियों में छिपा था सियार, ग्रामीणों ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग की

सीतापुर, 27 फरवरी 2026:

सीतापुर जिले के थाना संदना क्षेत्र के रालामऊ गांव में शुक्रवार तड़के खेत की रखवाली कर रहे एक युवक पर सियार ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी एक आंख बुरी तरह जख्मी हो गई। घटना के बाद गांव में डर और बेचैनी का माहौल है।

ग्रामीणों के अनुसार रालामऊ गांव निवासी सीताराम सुबह तड़के अपने खेतों की निगरानी के लिए गया था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे सियार ने पीछे से अचानक उस पर हमला कर दिया। सियार ने सीधे चेहरे पर वार किया और युवक को बुरी तरह नोच डाला।

सीताराम की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े, जिसके बाद सियार खेतों की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने तुरंत घायल युवक को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक आंख में गहरी चोट लगी है और दृष्टि प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

घायल युवक ने बताया कि हमला इतना अचानक हुआ कि बचाव का मौका ही नहीं मिला। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में सियारों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे लोग खेतों में अकेले जाने से डर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही थाना संदना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वहीं वन विभाग को भी सूचना दे दी गई है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सियारों को पकड़ने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button