Lucknow City

जैन विद्या शोध संस्थान में अलंकरण समारोह… अहिंसा का दिया संदेश, विद्वानों को मिला सम्मान

समारोह में पहुंचे पर्यटन मंत्री, निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता हुईं, भगवान महावीर पर आधारित कैनवास पेंटिंग्स की प्रदर्शनी लगी

लखनऊ, 5 फरवरी 2026:

उत्तर प्रदेश जैन विद्या शोध संस्थान, लखनऊ की ओर से स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित अलंकरण समारोह में जैन दर्शन, अहिंसा और सांस्कृतिक चेतना पर खास जोर दिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले विद्वानों और शोधकर्ताओं को पर्यटन मंत्री ने सम्मानित किया।

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि महावीर के सर्वोदयी सिद्धांत आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि अहिंसा, सह-अस्तित्व और संतुलन के विचार समाज को नई दिशा दे सकते हैं। जयवीर सिंह ने बताया कि प्रदेश में प्राचीन धरोहरों और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए संस्कृति विभाग लगातार काम कर रहा है और जैन धर्म से जुड़े स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

87a0313f-b19c-4128-93f0-c8057334d461

संस्थान के उपाध्यक्ष अभय कुमार जैन ने बताया कि संस्थान ने प्रदेश के 18 तीर्थंकरों के जन्म स्थलों पर संगोष्ठियां आयोजित कर शांति और सद्भाव का संदेश फैलाया है। साथ ही शाकाहार, सदाचार और नैतिक शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को संस्कारों से जोड़ने का काम किया जा रहा है। संस्थान के निदेशक अमित कुमार अग्निहोत्री ने संस्थान की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।

समारोह में वर्ष 2025-26 के लिए जैन दर्शन, अहिंसा और श्रुत परंपरा के क्षेत्र में योगदान देने वाले विद्वानों को सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. श्रेयांश कुमार जैन, प्रो. शुद्धात्म प्रकाश जैन, डॉ. विवेक जैन, ब्रह्मचारी हेमचंद जैन, डॉ. पुनीत जैन, नेहा जैन और डॉ. विकास जैन शामिल रहे। सभी को उनके शोध, लेखन और सामाजिक योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान राज्य ललित कला अकादमी के विद्यार्थियों की ओर से भगवान महावीर पर आधारित कैनवास पेंटिंग्स की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा। संस्थान की ओर से चयनित कलाकारों को पुरस्कृत किया गया।

निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता में सेठ एम आर जयपुरिया स्कूल, वर्धमान इंटर कॉलेज और प्रयाग पब्लिक स्कूल के छात्रों ने हिस्सा लिया। निबंध प्रतियोगिता में अंकित सिंह ने पहला, अद्विका गौरी रत्न ने दूसरा और अभिनव कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में आकृति सिंह प्रथम, वर्तिका मौर्या द्वितीय और तमन्ना रावत तृतीय स्थान पर रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button