Lucknow City

लखनऊ को जाम से बड़ी राहत : 22 से खुलेगा समतामूलक-डालीगंज ग्रीन कॉरिडोर, 5 मिनट में होगा शहर पार

रोजाना एक लाख से अधिक लोगों को सुगम और तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी, इस रूट पर वाहन चालकों को ट्रैफिक सिग्नल और जाम से निजात मिलेगी

लखनऊ, 3 फरवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में ट्रैफिक जाम से जूझ रहे लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। गोमतीनगर के समतामूलक चौराहे से निशातगंज, हनुमान सेतु होते हुए डालीगंज तक बनने वाला ग्रीन कॉरिडोर का दूसरा फेज 22 फरवरी से आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। इसका लोकार्पण देश के रक्षा मंत्री एवं स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ से करेंगे।

ग्रीन कॉरिडोर के शुरू होते ही रोजाना एक लाख से अधिक लोगों को सुगम और तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी। इस रूट पर वाहन चालकों को ट्रैफिक सिग्नल और जाम से लगभग पूरी तरह निजात मिलेगी। अनुमान है कि डालीगंज से गोमतीनगर की दूरी अब महज पांच से सात मिनट में तय की जा सकेगी। अभी तक 20 से 30 मिनट तक लग जाते हैं।

एलडीए की इस महत्वाकांक्षी योजना के दूसरे फेज में समतामूलक चौक से निशातगंज तक ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। निशातगंज चौराहे की रि-डिजाइनिंग भी लगभग पूरी कर ली गई है। अब केवल फिनिशिंग का काम शेष है। इसके आगे बीरबल साहनी मार्ग होते हुए हनुमान सेतु तक सड़क चौड़ीकरण और डामरीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। हनुमान सेतु की ओर जाने वाले फ्लाईओवर का निर्माण भी पूर्ण हो चुका है। चौराहे का अंतिम कार्य तेजी से किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:

इसके बाद डालीगंज तक भी फ्लाईओवर का काम पूरा हो चुका है। चौराहे की रि-डिजाइनिंग का कार्य अंतिम चरण में है। खास बात यह है कि समतामूलक से निशातगंज तक का रूट करीब एक महीने से तैयार था लेकिन लोकार्पण के इंतजार में आम जनता के लिए बंद रखा गया था। अब पूरा रूट एक साथ खोलने की तैयारी की गई है।

Advertisement

उधर, आईआईएम से पक्का पुल तक ग्रीन कॉरिडोर के पहले फेज का काम करीब डेढ़ साल पहले ही पूरा हो चुका है। उस पर ट्रैफिक भी चल रहा है। हालांकि इसका औपचारिक लोकार्पण नहीं हुआ था। अब 22 फरवरी को होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पहले और दूसरे दोनों फेज का लोकार्पण करेंगे।

एलडीए अधिकारियों का कहना है कि ग्रीन कॉरिडोर खुलने से न केवल ट्रैफिक दबाव कम होगा बल्कि शहर की रफ्तार भी नई ऊंचाई छुएगी और बड़ी आबादी को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

ये भी पढ़ें  हजरतगंज में प्रदर्शन की लपटें : बांग्लादेश के खिलाफ गूंजी आवाज, फूंका पुतला... सरकार से की ये मांग

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link