लखनऊ, 19 फरवरी 2026:
यूपी में यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने ग्रेटर नोएडा में ‘जापान सिटी’ और ‘सिंगापुर सिटी’ विकसित करने के प्रस्ताव को लेकर बड़ा कदम बढ़ाया है। प्राधिकरण ने औपचारिक रूप से यह प्रस्ताव उत्तर प्रदेश शासन को भेजते हुए दोनों परियोजनाओं के लिए भूमि चिन्हित कर ली है। यह पहल प्रदेश को वैश्विक औद्योगिक निवेश का नया केंद्र बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
प्राधिकरण के अनुसार सीएम योगी की प्रस्तावित जापान और सिंगापुर यात्रा के मद्देनजर इन इंटरनेशनल सिटीज के लिए उपयुक्त क्षेत्र तय करने का निर्देश मिला था। इसके तहत ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-5ए में जापान सिटी और सेक्टर-7 में सिंगापुर सिटी के लिए 500-500 एकड़ भूमि प्रस्तावित की गई है। दोनों ही सेक्टर यीडा की महायोजना में मल्टीपर्पज औद्योगिक क्षेत्र के रूप में चिन्हित हैं। यहां न्यूनतम 70 प्रतिशत भूमि औद्योगिक गतिविधियों के लिए आरक्षित रहेगी।
इन सिटीज को एकीकृत औद्योगिक शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। उद्योगों के साथ-साथ सीमित आवासीय, वाणिज्यिक और संस्थागत सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इससे विदेशी निवेशकों को ‘वर्क-लाइव-प्ले’ मॉडल पर आधारित अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर मिलेगा।
प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह के मुताबिक दोनों परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की योजना तैयार कर ली गई है। विकास कार्य ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मोड पर कराने का प्रस्ताव है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन परियोजनाओं से हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। नई टेक्नोलॉजी आएगी और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र देश के सबसे बड़े इंटरनेशनल इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में शामिल होने की ओर तेजी से बढ़ेगा।






