National

पहले बेटे को खोया फिर खुद दुनिया छोड़ गईं श्यामा देवी… जसपाल राणा की मां का निधन

पुत्र वियोग का आघात नहीं कर पाईं सहन, दिल्ली के आर्मी अस्पताल में ली अंतिम सांस, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

न्यूज डेस्क, 16 जून 2026:

अंतरराष्ट्रीय स्तर के भारतीय निशानेबाज और कोच जसपाल राणा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा पड़ा है। उनके निधन के चार दिन बाद उनकी मां श्यामा देवी राणा का भी देहांत हो गया। माना जा रहा है कि पुत्र वियोग का आघात वह सहन नहीं कर सकीं।

jaspal-rana-mother-shyama-devi-passes-away

78 वर्षीय श्यामा देवी राणा का नई दिल्ली के एक आर्मी अस्पताल में उपचार चल रहा था। द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित नारायण सिंह राणा की धर्मपत्नी श्यामा देवी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं लेकिन 12 जून को जसपाल राणा के निधन के बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। आज उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली।

श्याम देवी के निधन की खबर से राणा परिवार एक बार फिर शोक में डूब गया है। कुछ ही दिनों के भीतर परिवार ने अपने दो सबसे महत्वपूर्ण सदस्यों को खो दिया है। उत्तराखंड के टिहरी जिले के चिलामू गांव से ताल्लुक रखने वाले जसपाल राणा भारतीय निशानेबाजी के सबसे प्रतिष्ठित नामों में गिने जाते थे। वह भारतीय पिस्टल शूटिंग टीम के हाई-परफॉर्मेंस कोच के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे थे।

दरअसल जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) विश्व कप से लौटने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। सीने में दर्द की शिकायत के बाद दिल्ली के एक अस्पताल में उनकी स्टेंट सर्जरी की गई थी। स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद के बीच उनके निधन की खबर ने खेल जगत को स्तब्ध कर दिया था।

महज 18 वर्ष की आयु में विश्व रिकॉर्ड बनाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले जसपाल राणा ने राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में भारत को कई गौरवपूर्ण उपलब्धियां दिलाईं।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button