Uttar Pradesh

यूपी सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट को मिला पहला मौका, जेवर फिल्म सिटी में शुरू होगी इस बॉलीवुड फिल्म की शूटिंग

जेवर में बन रही यूपी की पहली इंटरनेशनल फिल्म सिटी अब सिर्फ सपना नहीं रही, ‘मॉम-2’ की शूटिंग के साथ इसका फिल्मी सफर शुरू होने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट से यूपी को फिल्म, ओटीटी और वेब सीरीज के राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है

लखनऊ/ग्रेटर नोएडा, 5 फरवरी 2026: 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘इंटरनेशनल फिल्म सिटी’ ने अब धरातल पर रफ्तार पकड़ ली है। गौतमबुद्ध नगर के जेवर क्षेत्र में विकसित की जा रही उत्तर प्रदेश की पहली इंटरनेशनल फिल्म सिटी में पहली शूटिंग के तौर पर बॉलीवुड फिल्म ‘मॉम-2’ की शूटिंग होने जा रही है। इसके लिए फिल्म सिटी परिसर में शुरुआती तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

शूटिंग सेट की तैयारी तेज, 20 दिन में होगा काम पूरा

फिल्म सिटी का निर्माण कर रहे बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप के ज्वाइंट वेंचर बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड ने जमीन की मैपिंग का काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मैपिंग पूरी होने के बाद करीब 20 दिनों के भीतर शूटिंग सेट तैयार कर लिया जाएगा। इसके बाद फरवरी के अंत या मार्च की शुरुआत में फिल्म की शूटिंग शुरू होने की संभावना है।

यीडा से करार के बाद पहले चरण की तैयारियां शुरू

इंटरनेशनल फिल्म सिटी प्रोजेक्ट का काम बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप को संयुक्त रूप से सौंपा गया है। इस संबंध में कंपनी ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के साथ एग्रीमेंट साइन किया है। यीडा से लेआउट प्लान को मंजूरी मिलने के बाद परियोजना के पहले चरण का काम तेज कर दिया गया है।

पीएम-सीएम कर सकते हैं फिल्म सिटी का उद्घाटन

बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्रोजेक्ट के जीएम राजीव अरोड़ा के अनुसार शूटिंग की तैयारियों के साथ-साथ फिल्म सिटी के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि बोनी कपूर की कंपनी ने ही साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म ‘मॉम’ को प्रोड्यूस किया था और अब इसके दूसरे पार्ट की शूटिंग यूपी में करने का फैसला लिया गया है। साथ ही जल्द ही फिल्म सिटी का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने की संभावना है।

जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगा एंटरटेनमेंट हब

इंटरनेशनल फिल्म सिटी यमुना एक्सप्रेसवे के सेक्टर-21 में विकसित की जा रही है, जो जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास स्थित है। यह परियोजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका लक्ष्य उत्तर प्रदेश को फिल्म, ओटीटी और वेब सीरीज जैसी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनाना है। विशेषज्ञों का मानना है कि ‘मॉम-2’ की शूटिंग से यह साफ संकेत मिलता है कि यूपी की फिल्म पॉलिसी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फिल्म इंडस्ट्री का भरोसा लगातार बढ़ रहा है और आने वाले समय में यह मुंबई का मजबूत विकल्प बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button