Uttar Pradesh

झूलेलाल जयंती पर छुट्टी की मांग, लखनऊ में सिंधी समाज का ऐलान, CM योगी से करेंगे मुलाकात

शहर में 20 मार्च को भव्य शोभायात्रा निकालने की तैयारी, भगवान झूलेलाल जयंती पर कई राज्यों में सार्वजनिक छुट्टी घोषित होने की कही बात

लखनऊ, 18 फरवरी 2026:

झूलेलाल जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित न होने से सिंधी समाज में नाराजगी और निराशा है। इस मुद्दे पर लखनऊ के इंदिरानगर स्थित झूलेलाल भवन में हुई चेट्टी चंद मेला कमेटी कार्यकारिणी की बैठक में चर्चा की गई। मुख्यमंत्री से अवकाश घोषित करने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।

बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों में भगवान झूलेलाल जयंती पर सार्वजनिक छुट्टी घोषित है। उत्तर प्रदेश में ऐसा नहीं है। कमेटी ने इसे सिंधी समाज की आस्था और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा विषय बताते हुए सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। पदाधिकारियों ने बताया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर औपचारिक अनुरोध पत्र सौंपेगा।

बैठक में पुरानी टीम को अधिकांश पदों पर जिम्मेदारी दी गई। साथ ही समाज के कुछ नए सदस्यों को शामिल कर संगठन को और सक्रिय बनाया गया। कमेटी के प्रवक्ता अशोक मोतियानी, अध्यक्ष रतन मेघानी, महामंत्री संजय जसवानी और कोषाध्यक्ष सतेन्द्र भावनानी ने संयुक्त रूप से बताया कि 20 मार्च को झूलेलाल जयंती पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाई जाएगी।

सिंधी बाहुल्य क्षेत्रों से भगवान झूलेलाल की शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए युवाओं की भागीदारी भी बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button