Lucknow City

JPNIC का काम जल्द पूरा हो, सपा का दबाव : LDA वीसी को सौंपा गया ज्ञापन

लखनऊ महानगर अध्यक्ष फाकिर सिद्दीकी की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष से की मुलाकात, वर्ष 2012 में गोमतीनगर में शुरू हुआ था निर्माण कार्य

लखनऊ, 5 फरवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) के अधूरे पड़े निर्माण कार्य को लेकर समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर आवाज बुलंद की है। पार्टी के लखनऊ महानगर अध्यक्ष फाकिर सिद्दीकी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार से मुलाकात कर JPNIC का काम जल्द से जल्द पूरा कराने की मांग की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने LDA वीसी को एक ज्ञापन सौंपा।

फाकिर सिद्दीकी ने बताया कि वर्ष 2012 में गोमतीनगर लखनऊ में जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर की आधारशिला रखी गई थी। समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल में यह परियोजना तेजी से आगे बढ़ी और वर्ष 2017 तक इसका लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद JPNIC का काम जानबूझकर रोक दिया गया, जिससे यह महत्वाकांक्षी परियोजना अधर में लटक गई।

93da1f09-c519-4605-b6a6-ba82b5acbb74

सपा महानगर अध्यक्ष ने कहा कि JPNIC न केवल लखनऊ बल्कि पूरे प्रदेश की पहचान बन सकता था। यह एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का कन्वेंशन और सांस्कृतिक केंद्र है, जिससे रोजगार के अवसर भी पैदा होते। उन्होंने चिंता जताई कि अब JPNIC के परिसर में पार्किंग स्थल बनाने की योजना की बातें सामने आ रही हैं। ये इस परियोजना की मूल भावना के विपरीत है।

प्रतिनिधिमंडल ने LDA उपाध्यक्ष से मांग की कि जनहित में JPNIC के शेष निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए। सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो पार्टी आगे आंदोलन के लिए भी बाध्य होगी। LDA वीसी प्रथमेश कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को सुनते हुए मामले पर विचार करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button