एंटरटेनमेंट डेस्क, 20 मई 2026:
जूनियर एनटीआर की फिल्म ड्रैगन का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे जिसे देखते हुए उनके जन्मदिन के खास मौके पर मंगलवार की देर रात मूवी का टीजर रिलीज़ कर दिया गया। 4 मिनट 28 सेकंड के टीजर में फिल्म की दमदार कहानी पेश की गई है जिस वजह से फैंस के दिलों में इस फिल्म के लिए क्रेज अभी से बढ़ गया है। निर्देशक प्रशांत नील ने टीजर को कुछ इस तरह बनाया है कि फिल्म की कहानी को लेकर लोगों में उत्सुकता जागती है।
रोमांच से भरपूर है ‘ड्रैगन’ की कहानी
फिल्म की कहानी उस दौर की है जब अंग्रेज भारत आए तो मसालों और कपास के लिए थे लेकिन उनके 250 साल तक यहां रुके रहने का कारण था एक पौधा। ओपियम यानी अफीम। उस वक्त ये ओपियम सबसे ज़्यादा दो जगहों अफ़ग़ानिस्तान और गोल्डन ट्रायंगल में उगता था। अंग्रेज़ों ने इन जगहों पर कब्ज़ा किया और अफीम के धंधे को अपने हिस्से में ले लिया। 1947 में जब अंग्रेज भारत छोड़कर गए तब वो अपने पीछे सबसे मुनाफे वाला व्यापार भी छोड़ गए। इसके बाद ये बिजनेस दो हिस्सों में बंट गया। अफ़गान ट्रेडिंग कंपनी और गोल्डन ट्रेडिंग कंपनी और तब शुरू होती है अफ़ीम के कब्जे को लेकर लड़ाई ।

एनटीआर और अनिल कपूर की सीधी भिड़ंत
जूनियर एनटीआर लूगर का किरदार निभा रहे हैं जो अफ़गान ट्रेडिंग कंपनी का भाड़े का हत्यारा है। टीज़र का आख़िरी हिस्सा सबसे दिलचस्प है जहां अनिल कपूर की एंट्री होती है। वो एनसीबी यानी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के हेड रघुवीर राठौर बने हैं। वो फिल्म में जूनियर एनटीआर के कामों में रुकावट डालने का काम करेंगे और इस पर एनटीआर की अनिल कपूर को जवाबदेही काफी दिलचस्प होगी। दोनों दिग्गजों की आपसी भिड़ंत को पर्दे पर देखना उनके फैंस को रोमांचित करेगा।
फिल्म में बीजू मेनन, रुक्मिणी वसंत, खुशबू सुंदर, गुरु सोमसुंदरम, राजीव कनकला, आशुतोष राणा, अंशुमन पुष्कर, सिद्धांत गुप्ता, प्रभास श्रीनु, शत्रु, शिव, भीमल जीत ओबेरॉय, नटुथुज़ेलो प्रिंस ग्रूटबूम जैसे कई कलाकारों ने काम किया है। फिल्म को माइथ्री मूवी मेकर्स’ और ‘एनटीआर आर्ट्स’ के बैनर तले प्रोड्यूस किया गया है। फिल्म कुल 5 भाषाओं में 11 जून 2027 को पैन इंडिया रिलीज होगी।





