Lucknow City

लखनऊ में अवैध निर्माण पर LDA की सख्ती : आशियाना, कृष्णानगर व गोसाईंगंज में तीन बिल्डिंग सील

नक्शा पास कराए बिना न्यू जेल रोड, बल्दीखेड़ा और शहीद पथ किनारे बनाए जा रहे व्यावसायिक भवनों पर बड़ी कार्रवाई, प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर किया सील

लखनऊ, 17 मार्च 2026:

राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और बिना स्वीकृति के हो रही प्लॉटिंग के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में एलडीए की प्रवर्तन टीम ने मंगलवार को आशियाना, कृष्णानगर और गोसाईंगंज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अवैध निर्माणों को सील कर दिया।

जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि गोसाईंगंज के खुजौली स्थित न्यू जेल रोड पर राकेश यादव व अन्य द्वारा लगभग 250 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए व्यावसायिक भवन का निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण की अनुमति के बिना निर्माण कार्य होने पर प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन को सील कर दिया।

WhatsApp Image 2026-03-17 at 8.18.51 AM

इसी तरह कृष्णानगर के बल्दीखेड़ा क्षेत्र में शुभम पैलेस के पास मंजीत सिंह द्वारा लगभग 600 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर व्यावसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। जांच में पाया गया कि इस निर्माण के लिए भी प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया था।

इसके अलावा आशियाना के औरंगाबाद जागीर में शहीद पथ के किनारे बीके शर्मा व अन्य द्वारा लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर भवन का निर्माण कराया जा रहा था, जो नियमानुसार स्वीकृत नहीं था। जोनल अधिकारी ने बताया कि इन सभी मामलों में अवैध निर्माण के विरुद्ध विहित न्यायालय में वाद योजित किया गया था।

न्यायालय द्वारा सीलिंग के आदेश पारित किए जाने के बाद प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए तीनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया। एलडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे निर्माण के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button