Lucknow City

लखनऊ में घर का सपना होगा सच! शारदा नगर में PM आवास के लिए पंजीकरण शुरू, जानें पात्रता

LDA की शारदा नगर विस्तार योजना में बने 185 फ्लैट्स का होना है आवंटन, फ्लैट की कीमत 7.29 लाख रुपये, महज 4.79 लाख में मिलेगा अपना फ्लैट, सालाना 3 लाख रुपये की आय वाले ही कर सकते हैं आवेदन

लखनऊ, 1 जनवरी 2026:

नए साल की शुरुआत यूपी की राजधानी लखनऊ के लिए अच्छी खबर लेकर आई है। शहर में अपने घर का सपना संजोए लोगों के लिए बार हतर मौका है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत शारदा नगर विस्तार योजना में बने 185 फ्लैट्स के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह पंजीकरण आज से 31 जनवरी तक चलेगा। आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन तरीके से स्वीकार किए जाएंगे।

एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी के अनुसार शारदा नगर विस्तार में कुल 2,256 फ्लैट बनाए गए थे। इनका आवंटन पहले लॉटरी के माध्यम से किया गया था लेकिन रिफंड आदि कारणों से 185 फ्लैट खाली रह गए हैं। उन्हें अब दोबारा से लॉटरी प्रणाली द्वारा आवंटित किया जाएगा।

WhatsApp Image 2026-01-01 at 10.51.46 AM

सबसे अहम बात यह है कि ये फ्लैट्स बेहद किफायती हैं। फ्लैट की कुल कीमत 7.29 लाख रुपये तय की गई है। इसमें से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2.50 लाख रुपये का अनुदान मिलेगा। आवेदक को केवल 4.79 लाख रुपये का भुगतान कर अपना घर मिल सकेगा। 36.65 वर्ग मीटर एरिया वाले इन फ्लैटों में मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। लोकेशन की दृष्टि से शारदा नगर एक उभरता हुआ और सुव्यवस्थित आवासीय क्षेत्र माना जाता है।

पंजीकरण के लिए इच्छुक लोगों को एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा। इसके लिए 5,000 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित है। ये ऑनलाइन जमा होगा। पंजीकरण पुस्तिका और योजना से जुड़े सभी दिशा-निर्देश ldalucknow.in पर उपलब्ध हैं।

योजना के नियमों के अनुसार केवल वही लोग आवेदन कर सकते हैं जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 3 लाख रुपये तक हो और लखनऊ शहर में कोई अन्य मकान या संपत्ति न हो। शहर में लगातार बढ़ती जनसंख्या और आवास की बढ़ती जरूरतों के बीच यह योजना निम्न आय वर्ग के लिए उम्मीद की नई किरण है। आवास की उपलब्धता और सरकारी अनुदान मिलकर इस योजना को लखनऊ के आम नागरिकों के लिए एक बेहतरीन अवसर बनाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button