Lucknow City

लखनऊ में अवैध निर्माण बचाने उतरी भीड़ : एलडीए की टीम को घेरकर हमला… गाड़ियां भी तोड़ीं

मोहनलालगंज इलाके में नगराम रोड पर अवैध निर्माण गिराने पहुंची लखनऊ विकास प्राधिकरण की टीम पर स्थानीय लोगों ने किया पथराव, कराया जा रहा था दुकानों का अवैध निर्माण

लखनऊ, 19 फरवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में लखनऊ विकास प्राधिकरण को अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करना भारी पड़ गया। मोहनलालगंज इलाके के पूरनपुर गांव में प्रवर्तन टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। नगराम रोड स्थित करीब 2,000 वर्गफुट भूखंड पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण की ओर से ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए गए थे। टीम उस आदेश का अनुपालन कराने मौके पर पहुंची थी।

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के नेतृत्व में सहायक अभियंता सत्येन्द्र सोलंकी, अवर अभियंता विभोर श्रीवास्तव और विवेक यादव कार्रवाई शुरू ही कर रहे थे कि दर्जनों लोग मौके पर जुट गए। आरोप है कि विरोध के दौरान टीम के साथ हाथापाई की गई। जेसीबी तथा सरकारी वाहनों पर पथराव कर दिया गया। इस हमले में जेसीबी चालक घायल हो गया और वाहन क्षतिग्रस्त हुए।

सूचना मिलते ही प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार और प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी अतिरिक्त बल के साथ पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

इस मामले में मोहनलालगंज थाने में जेई विवेक यादव की ओर से अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण पर सख्ती जारी रहेगी। सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button