लखनऊ, 10 मार्च 2026:
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की महत्वाकांक्षी आईटी सिटी योजना में ‘लैंड पूलिंग’ के आधार पर किसानों के मध्य भूखण्डों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया गया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित इस कार्यक्रम में पारदर्शिता और निष्पक्षता का खास ध्यान रखा गया जिससे पूरे आयोजन का माहौल रोमांच और उत्साह से भर गया।
अपने नाम की पर्ची खुलते ही कई किसानों और भू-स्वामियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कुछ की आंखों में खुशी के आंसू भी छलक पड़े। सुल्तानपुर रोड पर 3490 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही इस आईटी सिटी योजना के लिए जिन किसानों और भू-स्वामियों ने 31 जनवरी 2026 तक अपनी भूमि का अनुबंध प्राधिकरण के पक्ष में कराया था उन्हें लैंड पूलिंग नीति के तहत सबसे पहले भूखण्ड आवंटित किए गए।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि योजना में छह श्रेणियों के आवासीय भूखण्डों की लॉटरी कराई गई। इनमें 288 वर्गमीटर के 251, 200 वर्गमीटर के 28, 162 वर्गमीटर के 26, 128 वर्गमीटर के 51, 72 वर्गमीटर के 93 और 35 वर्गमीटर के 100 विकसित भूखण्डों का आवंटन किया गया। इन भूखण्डों के लिए मोहनलालगंज तहसील के ग्राम परेहटा, पहाड़नगर टिकरिया, मोहारी खुर्द, मोहारी कला, रकीबाबाद, सिकंदरपुर अमोलिया, सिद्धपुरा और सोनई कंजेहरा की जमीन शामिल की गई है।
एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा के मुताबिक आईटी सिटी योजना के लिए सेक्टर-15, 16, 17, 18 और 30 में भूखण्ड नियोजित किए गए हैं। इस योजना के तहत लगभग 350 भू-स्वामियों ने करीब 550 एकड़ भूमि का एग्रीमेंट कराया है। बेहतर रोड कनेक्टिविटी के कारण यह योजना भविष्य में बेहद उपयोगी साबित होगी।
पूरी प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए लॉटरी ड्रॉ का यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया। कई आवेदकों ने ऑनलाइन अपना नाम देखने के बाद सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपनी खुशी साझा की। लॉटरी में सफल रहे प्रदीप कुमार सिंह और संतोष कुमार ने बताया कि एलडीए द्वारा की गई व्यवस्था की सराहना की। कार्यक्रम में एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी, ओएसडी रविनंदन सिंह, प्रभारी अर्जन (आईटी सिटी) विपिन कुमार शिवहरे समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।






